Last Updated:
Char Dham Yatra in News: उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में इस साल श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सालों के आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है. साल 2023 में चारों धामों में 56.16 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि 2024 में यह संख्या घटकर 48.01 लाख रह गई थी. इसके बाद 2025 में करीब 51.06 लाख भक्तों ने दर्शन किए. वहीं, 2026 में अब तक 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं. चारधाम विशेष अधिकारी प्रजापति नौटियाल के मुताबिक, इस साल यात्रा काफी अच्छी रही है. बद्रीनाथ धाम में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे हैं, जबकि यमुनोत्री में भी नया रिकॉर्ड बना है. जानिए पिछले चार साल में चारधाम यात्रा के आंकड़ों में कितना बदलाव आया है.
ऋषिकेश: चारधाम यात्रा के दौरान हर साल लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं. किसी साल भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी होती है, तो कभी इसमें गिरावट देखने को मिलती है. इस साल भी चारधाम यात्रा का सीजन अपने अंतिम पड़ाव पर है. ऐसे में पिछले चार साल के आंकड़ों को देखें, तो श्रद्धालुओं की संख्या में आए बदलाव का अंदाजा लगाया जा सकता है. आखिर इस साल चारों धामों में कुल कितने भक्त पहुंचे और पिछले सालों के मुकाबले इस बार यात्रा कैसी रही. आइए जानते हैं.
लोकल 18 से बातचीत के दौरान चारधाम विशेष अधिकारी प्रजापति नौटियाल ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी चारधाम यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और यात्रा काफी अच्छी रही. पिछले चार साल के आंकड़ों को देखें, तो भक्तों की संख्या में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. कभी बद्रीनाथ और केदारनाथ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही, तो कभी गंगोत्री और यमुनोत्री में भक्तों की बड़ी संख्या देखने को मिली. इन चार सालों में श्रद्धालुओं की संख्या में काफी बदलाव आया है.
2023 और 2024 के आंकड़े
आंकड़ों के अनुसार, पिछले चार साल में चारधाम यात्रा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में काफी अंतर देखने को मिला है. साल 2023 में चारों धामों में कुल 56.16 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे. वहीं, 2024 में यह संख्या घटकर 48.01 लाख रह गई. इसके बाद 2025 में फिर बढ़ोतरी हुई और करीब 51.06 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.
2026 में 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
इस साल 2026 में अब तक चारधाम यात्रा में 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं. इनमें से कई वापस लौट चुके हैं, जबकि कुछ अभी भी धामों में मौजूद हैं. वहीं, कई श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन भी कराया है. ऐसे में कपाट बंद होने तक श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
बद्रीनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु, यमुनोत्री में भी बना रिकॉर्ड
इस साल के आंकड़ों में बद्रीनाथ धाम सबसे आगे रहा, जहां 20,69,866 श्रद्धालु पहुंचे. इसके बाद केदारनाथ में 17,75,059 भक्तों ने दर्शन किए. साल 2025 में केदारनाथ में सबसे ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि 2026 में बद्रीनाथ आगे निकल गया. वहीं, यमुनोत्री धाम में भी इस साल श्रद्धालुओं की संख्या का नया रिकॉर्ड बना है.