Last Updated:
रांची से नवी मुंबई के बीच 16 दिसंबर से पहली बार सीधी फ्लाइट शुरू होगी. इंडिगो की यह सेवा सप्ताह में सातों दिन उपलब्ध रहेगी. कोलकाता, अहमदाबाद, पटना और चेन्नई के लिए भी रोजाना उड़ानें मिलेंगी. वहीं, भुवनेश्वर की उड़ान सेवा घटकर हफ्ते में दो दिन रह जाएगी.
सांकेतिक फोटो
रांची: झारखंड के यात्रियों के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है. रांची से नवी मुंबई के लिए पहली बार सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है. विमानन कंपनी इंडिगो की फ्लाइट (6E 2654) आगामी 16 दिसंबर से अपनी उड़ानें शुरू करेगी. सबसे खास बात यह है कि विमान सेवा सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी. इससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी.
समय सारणी और विमान का किराया
प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक यह विमान रांची से सुबह 10:35 बजे उड़ान भरेगा. यह दोपहर 1:05 बजे नवी मुंबई पहुंचेगा. वहीं वापसी में नवी मुंबई से यह सुबह 7:40 बजे उड़ेगा. यह विमान सुबह 10 बजे रांची वापस आ जाएगा. इस सेवा के लिए औसत किराया लगभग 9000 रुपए तय किया गया है. इस नई फ्लाइट के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू कर दी गई है.
हवाई कनेक्टिविटी होगी मजबूत
इस नई विमान सेवा के शुरू होने से रांची और मुंबई के बीच की हवाई कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत हो जाएगी. यात्रियों के पास सफर करने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प आ गया है. इस नई फ्लाइट को आगामी विंटर शेड्यूल में जोड़ा गया है. माना जा रहा है कि इसका आधिकारिक विंटर शेड्यूल शुक्रवार को जारी हो सकता है.
कोलकाता के लिए बढ़ाई गई उड़ानें
रांची से सिर्फ नवी मुंबई ही नहीं, बल्कि कोलकाता के रूट पर भी सेवा का विस्तार किया गया है. अभी तक रांची से कोलकाता के लिए रोजाना तीन फ्लाइट्स संचालित होती थीं. अब इनकी संख्या बढ़ाकर चार कर दी गई हैं. इंडिगो की यह फ्लाइट (6E 2654) दोपहर के समय संचालित की जा रही है। इस फ्लाइट की कुल यात्री क्षमता 180 सीटों की है.
भुवनेश्वर की उड़ान घटी, इन शहरों की हुई रोजाना
दूसरी तरफ विंटर शेड्यूल में रांची से भुवनेश्वर जाने वाली उड़ान सेवा को घटा दिया गया है. वर्तमान में यह सेवा सप्ताह के सातों दिन मिल रही है। आगामी 25 अक्टूबर से यह सेवा हफ्ते में सिर्फ दो दिन ही उपलब्ध रहेगी. इसके विपरीत, इंडिगो ने विंटर शेड्यूल के तहत अहमदाबाद, पटना और चेन्नई के लिए अपनी उड़ानों को रोजाना कर दिया है. अभी तक रांची-अहमदाबाद के बीच छह दिन और रांची-पटना व रांची-चेन्नई के बीच सप्ताह में पाँच दिन ही विमान सेवा मिल रही थी.