चीन-पाकिस्तान और अफगानिस्तान में डोली धरती, दहशत में आए लोग
Last Updated:
Earthquake News: दक्षिण एशिया में पिछले कुछ दिनों में भूकंप के झटके कई बार लग चुके हैं. गुरुवार 22 अक्टूबर को तिब्बत में 7 की तीव्रता वाला भूकंप आया था. अभी तक की जानकारी के अनुसार, प्राकृतिक आपदा में 16 लोगों की मौत हो गई. घर-मकान का नुकसान जो हुआ वो अलग. अब शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह-सुबह चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में धरती डोली है.
चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में एक साथ भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. एक दिन पहले गुरुवार 22 अक्टूबर को तिब्बत में आए भूकंप में 16 लोगों की जान चली गई. (फाइल फोटो/Reuters)
Earthquake News: भारत के आसपास के 3 देशों में एक साथ धरती डोली है. चीन और पाकिस्तान के साथ ही अफगानिस्तान में शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 को सुबह-सुबह धरती डोली है. तीनों देशों में भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 से 4.9 के बीच मापी गई. एक दिन पहले यानी गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 को तिब्बत में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे. इसकी तीव्रता 7 थी. प्राकृति आपदा में अभी तक तिब्बत में 16 लोगों के जान जाने की खबर सामने आई है. घर-मकान को भी व्यापक पैमाने पर नुकसान पहुंचने की सूचना है. उसके बाद अब चीन के साथ ही अफगानिस्तान और पाकिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं.
जानकरी के अनुसार, चीन, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, तीनों देशों में आए भूकंप की तीव्रता 4.1 से 4.9 के बीच रही. स्थानीय लोगों को जैसे ही भूकंप आने का अहसास हुआ वे अपने-अपने घरों से बाहर निकल पाए. हालांकि, ज्यादा सुबह होने की वजह से काफी लोगों को इसका अहसास भी नहीं हुआ. बता दें कि कुछ दिनों पहले ही पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में धरती डोली थी. उसके बाद अब फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. अफगानिस्तान में भी नियमित अंतराल पर भूकंप आते रहते हैं.
नींद खुलने से पहले डोलने लगी धरती
NCS के मुताबिक, चीन में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र 32.542 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.835 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. भूकंप की गहराई 15 किलोमीटर दर्ज की गई. वहीं, पाकिस्तान में सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया. NCS के अनुसार, इसका केंद्र 28.919 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 64.678 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. इसकी गहराई 15 किलोमीटर रही. अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. NCS के मुताबिक, इसका केंद्र 35.138 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 69.442 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. भूकंप की गहराई 25 किलोमीटर दर्ज की गई.
तिब्बत में भूकंप से विनाश
इससे पहले, तिब्बत में गुरुवार 22 अक्टूबर की देर शाम को भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 7 मापी गई थी. प्राकृतिक आपद में कम से कम 16 लोगों के मरने की पुष्टि की गई है. वहीं, 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तरी क्षेत्र के नागकू शहर में सैकड़ों घर भी ढह गए हैं. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, कम से कम 339 घर और 20 पशु शेड ढह गए हैं. राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है, ताकि फंसे हुए लोगों को बचाया जा सके.