Last Updated:
छत्तीसगढ़ में उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक यात्री बस सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई. इसमें 4 महिलाओं सहित कुल 6 लोगों को मौत हो गई है. इसके अलावा 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ितों के लिए सहायता राशि का ऐलान किया है.
छत्तीसगढ़ मे हुआ भीषण एक्सीडेंट
(रिपोर्ट-सुजीत शाह)
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिमरी-भरतपुर जिले में एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां मनेंद्रगढ़ से केल्हारी जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में करीब 6 लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. बस में महिलाएं और मासूम बच्चे भी सवार थे. दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए हैं.
गंभीर रूप से घायल हुए हैं 20 यात्री
जिले की एसपी रत्ना सिंह ने बताया कि यह हादसा दोपहर बाद सेमारमठानी मोड़ के पास हुआ. बस में 46 लोग सवार थे. हादसे में चार महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक सहित करीब 20 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 20 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं.
मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने बताया है कि हादसे में घायल 32 लोगों का इलाज मनेंद्रगढ़ अस्पताल में जारी है. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. वहीं, गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है.
बस के ड्राइवर की हालत भी है गंभीर
बताया जा रहा है कि बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी. सेमरमथानी मोड़ के पास ड्राइवर बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह से टूट गई. बस के ड्राइवर की हालत भी गंभीर बताई जा रही है.
मुख्यमंत्री ने सहायता राशि का किया ऐलान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुई भीषण बस दुर्घटना में 6 लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है. इस हृदयविदारक घटना में अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. राज्य शासन द्वारा मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी.