चंडीगढ़. चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में गुरुवार 22 अक्तूबर की रात को दो नाबालिगों के बीच पुरानी रंजिश में 17 साल के छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना का वीडियो भी सामने आया है. बताया जा रहा है कि पिटाई का बदला लेने के लिए गोलियां चलाई गई. फिलहाल, एक नाबालिक को पुलिस ने हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसरा, सेक्टर-34 में कथित तौर पर पिटाई करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने से नाराज 17 वर्षीय नाबालिग ने 17 साल के किशोर को गोली मार दी.
वारदात रात सेक्टर-22 स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने हुई. फायरिंग में ऑटो चालक सिकंदर पासवान भी घायल हो गया, जबकि किशोर के साथ मौजूद उसका दोस्त बाल-बाल बच गया.
बताया जा रहा है कि नाबालिग अपने दोस्त के साथ ऑटो में सवार होकर सेक्टर-34 से सेक्टर-22 स्थित अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान बाइक पर सवार आरोपी उनका पीछा करने लगे. घर के पास पहुंचने पर जब नाबालिग को खतरे का अंदेशा हुआ और उसने ऑटो चालक से गाड़ी तेज चलाने के लिए कहा. हालांकि, पीछा कर रहे नाबालिग ने ऑटो को निशाना बनाते हुए तीन गोलियां चला दीं.
फायरिंग के दौरान एक गोली ऑटो चालक सिकंदर पासवान के कंधे को चीरते हुए ऑटो के आगे के शीशे से निकल गई, जबकि दूसरी गोली किशोर की छाती में लगी. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. घायल ऑटो चालक का जीएमएसएच-16 में इलाज चल रहा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड से करीब एक घंटे पहले सेक्टर-34 में मृतक और उसके दोस्त का आरोपी नाबालिग से आमना-सामना हुआ था. आरोप है कि यहां दोनों ने उसकी पिटाई की और इसका वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया.
बताया जा रहा है कि पिटाई और वीडियो वायरल होने से नाराज नाबालिग ने अपने दोस्तों को बुलाया था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नैतिक सेक्टर-32 स्थित एसडी स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था. इससे पहले वह सेंट जोसफ स्कूल में पढ़ता था. बताया जा रहा है कि उसी दौरान उसकी आरोपी नाबालिग से रंजिश शुरू हुई थी. दोनों के बीच कई बार गाली-गलौज और विवाद होने की बात सामने आई है.
पुलिस को यह भी पता चला है कि दोनों एक-दूसरे के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करते थे. विवाद लगातार बढ़ने के बाद मृतक के परिजनों ने उसका स्कूल भी बदलवा दिया था. वहीं, एक क्लासमेट छात्रा को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है.
डैशकैम फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
हत्या के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की. ऑपरेशन सेल ने घटनास्थल और आसपास से मिले सुराग, डैशकैम फुटेज तथा चश्मदीदों की जानकारी के आधार पर 17 वर्षीय आरोपी को हिरासत में ले लिया.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर .32 बोर की पिस्टल भी बरामद की है. मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग के पास पिस्टल कहां से आई और वारदात के समय उसके साथ कौन-कौन मौजूद था. शव को अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है.