Last Updated:
Kanpur News: कानपुर पुलिस और स्वाट टीम ने फजलगंज क्षेत्र से 20 वर्षीय ड्रग पेडलर नजमुद्दीन उर्फ शान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹1 करोड़ कीमत की 101 ग्राम मेफेड्रोन (MD) बरामद की ह. पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के दिल्ली, मुंबई और दक्षिण भारत तक फैले अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क की जांच जारी है.
फजलगंज से दबोचा गया ड्रग तस्कर शान, ₹1 करोड़ की MD बरामद; महाराष्ट्र व दक्षिण भारत से जुड़े तार
Kanpur News: कानपुर के फजलगंज थाना पुलिस और सेंट्रल जोन स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर ड्रग पेडलर को 101 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद मेफेड्रोन की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है. पकड़े गए आरोपी का नेटवर्क उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली और दक्षिण भारत के कई राज्यों में फैला हुआ है.
20 वर्षीय युवक अरेस्ट, बरामद हुई 101 ग्राम एमडी
फजलगंज पुलिस के अनुसार, शुक्रवार तड़के क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान गोविंद नगर पुल के नीचे रेलवे लाइन के किनारे कंटेनर यार्ड की ओर जाने वाले रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया. तलाशी लेने पर 20 वर्षीय युवक के कब्जे से 101 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. आरोपी की पहचान कर्नलगंज क्षेत्र के लकड़मंडी निवासी नजमुद्दीन उर्फ शान के रूप में हुई है, जो हाईस्कूल पास है.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस कमिश्नर का एक्शन
कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के नेतृत्व में स्पेशल ऑपरेशन टीम पिछले एक महीने से ड्रग तस्करों के खिलाफ लगातार सघन छापेमारी अभियान चला रही है. इस अभियान के तहत अब तक करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ जब्त कर कई आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है. इसी कड़ी में पुलिस कमिश्नर को सटीक सूचना मिली थी कि अंतरराज्यीय सिंडिकेट से जुड़ा एक तस्कर एमडी की खेप लेकर कानपुर पहुंच रहा है. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सेंट्रल जोन टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया.
हाई-प्रोफाइल पार्टियों और रईस युवाओं में थी मांग
पूछताछ के दौरान आरोपी नजमुद्दीन ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए. उसने बताया कि एमडी बेहद महंगा मादक पदार्थ है, जिसकी मांग मुख्य रूप से हाई-प्रोफाइल सोसायटियों और पार्टियों में रईस युवाओं के बीच रहती है. अत्यधिक महंगी होने के कारण आम लोग इसे नहीं खरीद पाते. शान ने सिंडिकेट के काम करने के तरीके के साथ-साथ यूपी, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के जिलों में फैले नेटवर्क की जानकारी दी है.
सिंडिकेट के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी टीमें
पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि कमिश्नरेट की स्पेशल ऑपरेशन टीम आरोपी के प्रयागराज, मुंबई और कानपुर कनेक्शन को खंगालने में जुटी है. पुलिस को शान के सिंडिकेट से जुड़े अन्य प्रमुख सदस्यों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है.