अूनठी मिसाल : गांव में भाईचारा बना रहे इसलिए ग्रामीणों ने सरपंच से लेकर सभी 7 वार्ड पंच निर्विरोध चुन लिए


Last Updated:

Udaipur Panchayat Chunav : राजस्थान में चल रहे पंचायत चुनावों के बीच एक सुखद खबर सामने आई है. सूबे के उदयपुर जिले में एक ग्राम पंचायत ऐसी भी सामने आई है जहां सरपंच और पंचायत के सभी सात वार्ड पंच निर्विरोध चुन लिए गए हैं. सरपंच बनने के लिए जहां राजस्थान में गला काट स्पर्धा मची हुई वहां उदयपुर की चोखला बारा ने आपसी सौहार्द्र और भाईचारे का अनूठा उदाहरण पेश किया है. इस गांव के ग्रामीणों का कहना है कि इससे गांव में भाईचारा बना रहेगा और बिना किसी रुकावट के विकास के सभी काम आसानी हो सकेंगे. यह सब राजी खुशी आपसी सहमति से बिना किसी दबाव के हुआ है. पंचायत की कमान गांव के युवा विरम चंद डुंगरी को दी गई है.

Top Deals Inside

भाईचारा बना रहे इसलिए ग्रामीणों ने सरपंच से लेकर सभी वार्ड पंच निर्विरोध चुनेZoom

ग्रामीणों ने गांव की कमान युवा विरम चंद डुंगरी को दी सौंपी है.

उदयपुर. पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज चल रही है. पहले चरण के लिए 16 जिलों में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए वोटिंग गुरुवार को हो चुकी है. उनका परिणाम 20 नंवबर को आएगा. अब शनिवार यानी 24 अक्टूबर को इन जिलों में सरपंच और वार्ड पंचों के लिए मतदान होगा. इसके लिए शुक्रवार को नामांकन भरे गए. इसी बीच उदयपुर से एक सुखद खबर सामने आई है. यहां की नवगठित पंचायत समिति ओगणा की ग्राम पंचायत चोखला बारा में ग्रामीणों की आपसी सहमति से बिना चुनाव के सरपंच और सभी वार्ड पंच निर्विरोध चुनकर अनूठी मिसाल पेश की गई है.

यहां सरपंच से लेकर सभी वार्ड पंचों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है. ग्रामीणों की सर्वसम्मति से विरम चंद डुंगरी को सरपंच चुना गया है. पंचायत के 7 वार्ड पंचों को भी निर्विरोध चुना गया है. ग्रामीणों की और से तय किए सभी निर्विरोध निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने अपना नामांकन दाखिल किया. इस नामांकन के बाद झाड़ोल उपखंड क्षेत्र में यह पहली ग्राम पंचायत है जहां पंच-सरपंच के सभी पदों पर निर्विरोध नामांकन हुआ है. ग्राम पंचायत के सभी ग्रामीणों ने एकजुट होकर यह फैसला लिया था. उनका मानना था कि इससे गांव में आपसी प्रेम बना रहेगा और बिना किसी रुकावट विकास के काम पूरे होंगे.

सरपंच और वार्ड पंचों के लिए शनिवार को होगी वोटिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के अनुसार प्रथम चरण में जिले की 10 पंचायत समितियों की 284 ग्राम पंचायतों में 284 सरपंच और 2466 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव होना है. इन पदों के लिए मतदान 24 अक्टूबर को होगा. इसके लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. अब नाम वापसी के बाद तस्वीर साफ होगी. सबसे ज्यादा सरपंच के 35 पद फलासिया पंचायत समिति में हैं. जबकि सबसे ज्यादा 308 वार्ड पंचों के पद भींडर पंचायत समिति में है.

ऐसी गांव कम ही देखने को मिलते हैं
ऐसा कम ही देखने को मिलता है कि किसी ग्राम पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि निर्विरोध चुन लिए गए हों. वर्तमान में सरपंच पद के लिए गला काट प्रतिस्पर्धा मची हुई है. अधिकांश जगह सरपंच पद के लिए चार से पांच उम्मीदवार मैदान में डटे हैं. सरपंचाई के लिए प्रत्याशी करोड़ों रुपये खर्च करने के लिए तैयार हैं. गांव की पंचायती अपने हाथ में लेने के लिए दावेदार दो-दो, तीन-तीन साल से तैयारियां कर रहे हैं. दावेदार एक दूसरे को मात देने के लिए साम,दाम,दंड और भेद सभी तरह के प्रपंच कर रहे हैं. लेकिन उदयपुर की चोखला बारा पंचायत ने सभी प्रतिनिधि निर्विरोध चुनकर साफ सुथरी राजनीति का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है.



Source link