Lauki Mawa Barfi I लौकी से बनती है इतनी शानदार मिठाई, मावा और ड्राई फ्रूट्स वाली बर्फी की आसान रेसिपी

Lauki Mawa Barfi I लौकी से बनती है इतनी शानदार मिठाई, मावा और ड्राई फ्रूट्स वाली बर्फी की आसान रेसिपी


Last Updated:

Lauki Mawa Barfi: नागौर में जानें लौकी मेवा बर्फी बनाने की आसान रेसिपी. लौकी, मावा, दूध, चीनी और ड्राई फ्रूट्स से तैयार यह स्वादिष्ट मिठाई सिर्फ 30 मिनट में बन सकती है. जानिए इसे बनाने का आसान तरीका और स्वाद बढ़ाने के खास टिप्स.

नागौर. लौकी की सब्जी तो आपने कई बार खाई होगी, लेकिन क्या आपने कभी लौकी से बनी मेवा बर्फी का स्वाद चखा है. लौकी और मावे से तैयार होने वाली यह मिठाई स्वाद में लाजवाब होने के साथ घर पर आसानी से बनाई जा सकती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती. दूध, चीनी, घी और कुछ सूखे मेवों की मदद से स्वादिष्ट बर्फी तैयार की जा सकती है. घर में मेहमान आने पर या किसी खास मौके पर मिठाई बनाने का मन हो तो लौकी मेवा बर्फी एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे बनाने में कुल 30 मिनट का समय लगता है.

लौकी मेवा बर्फी बनाने के लिए 500 ग्राम ताजी लौकी, एक कप दूध, आधा कप चीनी, आधा कप मावा और दो बड़े चम्मच घी लें. इसके अलावा स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम और कद्दूकस किया हुआ नारियल भी रखें. चाहें तो सजावट के लिए अपनी पसंद के दूसरे सूखे मेवों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. सामग्री की मात्रा स्वाद के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा की जा सकती है.

इस तरह तैयार करें लौकी मेवा बर्फी

फूड एक्सपर्ट मनीषा कवंर ने बताया कि सबसे पहले लौकी को अच्छी तरह धोकर छील लें, इसके बाद इसे कद्दूकस कर लें. लौकी में अगर बीज ज्यादा हों तो उन्हें निकाल दें. अब एक कढ़ाही में दो बड़े चम्मच घी गर्म करें और उसमें कद्दूकस की हुई लौकी डाल दें. मध्यम आंच पर इसे कुछ मिनट तक अच्छी तरह भूनें, ताकि लौकी की कच्ची महक दूर हो जाए. इसके बाद कढ़ाही में एक कप दूध डालें और लौकी को अच्छी तरह मिलाकर पकने दें. बीच-बीच में मिश्रण को चलाते रहें, जिससे लौकी तली में चिपके नहीं. जब लौकी नरम हो जाए और दूध काफी हद तक सूखने लगे, तब इसमें आधा कप चीनी डाल दें. चीनी डालने के बाद मिश्रण में नमी बढ़ सकती है, इसलिए इसे धीमी से मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं. जब मिश्रण का अतिरिक्त पानी सूख जाए, तब इसमें आधा कप मावा डालकर अच्छी तरह मिलाएं. अब इलायची पाउडर डालें और मिश्रण को 3 से 4 मिनट तक भूनें, जब मिश्रण गाढ़ा होकर कढ़ाही छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें.

जमने के बाद काटें बर्फी के टुकड़े

अब एक थाली या ट्रे में हल्का घी लगाकर चिकना कर लें, तैयार मिश्रण को इसमें डालकर समान रूप से फैला दें. ऊपर से कटे हुए बादाम और कद्दूकस किया हुआ नारियल डालकर हल्के हाथों से दबा दें. मिश्रण को ठंडा होने दें, ताकि वह अच्छी तरह जम जाए. इसके बाद चाकू की मदद से मनचाहे आकार में बर्फी के टुकड़े काट लें. इस तरह घर पर करीब 30 मिनट में स्वादिष्ट लौकी मेवा बर्फी तैयार हो जाएगी. इसे परिवार के सदस्यों और मेहमानों को मिठाई के रूप में परोस सकते हैं. बेहतर स्वाद और बनावट के लिए लौकी का अतिरिक्त पानी निकालने तथा मिश्रण को अच्छी तरह पकाने का ध्यान रखें.



Source link