Last Updated:
22 अक्टूबर को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली. सेंसेक्स 674 अंक गिरकर 73,034.81 और निफ्टी 243.85 अंक टूटकर 22,567.40 पर आ गया. सऊदी अरब में हूती हमलों और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया. इसके अलावा, मेटल, ऑटो, FMCG और फार्मा शेयरों में बिकवाली रही. एशियाई बाजारों की कमजोरी और AI पर भारी खर्च से टेक कंपनियों को होने वाले फायदे को लेकर चिंता ने भी निवेशकों का भरोसा कमजोर किया है.
शेयर मार्केट क्यों गिरा, पूरी कहानी समझें.
शेयर बाजार में आज 22 अक्टूबर को गिरावट देखी जा रही है. सेंसेक्स 674 अंक (0.92%) गिरकर 73,034.81 पर आ गया. वहीं, निफ्टी 243.85 अंक (1.07%) टूटकर 22,567.40 पर कारोबार कर रहा है. निफ्टी में हिंदाल्को, पावर ग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M), टाटा स्टील और श्रीराम फाइनेंस टॉप लूजर्स में शामिल रहे. वहीं, इन्फोसिस और टेक महिंद्रा के शेयरों में तेजी देखने को मिली. आज बाजार में गिरावट किन वजहों से आई है. ये आपको बताते हैं.
कच्चा तेल 110 डॉलर के पार
सऊदी अरब में यमन के हूती समूह के ताजा हमलों के बाद गुरुवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 1.29 डॉलर बढ़कर 110.11 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. हमलों में एक नागरिक हवाई अड्डे और तेल क्षेत्र को निशाना बनाया गया. सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हुई, हालांकि प्रोडक्शन पर असर नहीं पड़ा. अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर फिर हमले की तैयारी की खबरों ने भी चिंता बढ़ाई है. इस साल ब्रेंट क्रूड करीब 80% चढ़ चुका है. भारत के लिए महंगा कच्चा तेल आयात बिल बढ़ाने और महंगाई पर दबाव डालने का रिस्क पैदा कर सकता है.
सेक्टरोल इंडेक्स पर दबाव
शेयर बाजार में गुरुवार को चौतरफा बिकवाली देखने को मिली. शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट में रहे। निफ्टी मेटल करीब 2% और निफ्टी ऑटो 1.88% नीचे आ गया. वहीं, निफ्टी FMCG और निफ्टी फार्मा में 1.4% की गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स के 30 शेयरों में सिर्फ 5 शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। पावर ग्रिड सबसे ज्यादा 2.5% गिरा. महिंद्रा एंड महिंद्रा और नेस्ले इंडिया भी निफ्टी के प्रमुख गिरने वाले शेयरों में शामिल रहे.
बाजार में बढ़ती अनिश्चितता का असर इंडिया VIX पर भी दिखा, जो करीब 6% उछलकर 16.61 पर पहुंच गया. इंडिया VIX से बाजार में संभावित उतार-चढ़ाव का अंदाजा लगाया जाता है. BSE 500 में 451 शेयर गिरावट में रहे, जबकि सिर्फ 46 शेयरों में तेजी आई. निफ्टी नेक्स्ट 50 भी करीब 1.5% नीचे रहा. इससे पहले बुधवार को भी बाजार में गिरावट आई थी. उस दिन निफ्टी इंट्राडे में 23,120 के लेवल तक पहुंचने के बाद दिन के हाई लेवल से 450 से ज्यादा अंक टूट गया था और करीब 22,800 पर बंद हुआ था.
एशियाई बाजारों में भारी गिरावट
एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को भारी बिकवाली देखने को मिली. दक्षिण कोरिया का कोस्पी 3.1% गिर गया, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग करीब 3% टूट गया. जापान का निक्केई 225 भी 2.05% नीचे रहा. वहीं, चीन का शंघाई कंपोजिट 0.89% और ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 इंडेक्स 0.42% गिरा. अमेरिकी शेयर बाजार में पिछली रात तेजी के बावजूद भारतीय बाजारों ने एशियाई बाजारों की कमजोरी का असर देखा.
अमेरिकी टेक कंपनियों के मिले-जुले नतीजों से निवेशकों की चिंता बढ़ी है. उन्हें आशंका है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर भारी खर्च से कंपनियों को कितना फायदा मिलेगा. इसका असर चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों पर भी पड़ा. SK Hynix के शेयर 4%, Samsung Electronics के 3.6% और जापान की Kioxia के शेयर 3.3% गिर गए. अमेरिकी शेयर बाजार के फ्यूचर्स में भी कमजोरी देखने को मिली.