‘दोनों मेरे अच्छे दोस्त हैं…’, दलेर मेहंदी से बात करेंगे सीएम पुष्कर धामी, बोले- विवाद को बस खत्म कर दो


Last Updated:

Daler Mehndi Controversy: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायक दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद पर बड़ा बयान दिया है. मंत्री द्वारा मंच पर दलेर मेहंदी पर नशे में होने का आरोप लगाने और सिंगर मीका सिंह द्वारा माफी की मांग के बाद विवाद गहरा गया था. अब सीएम धामी ने कहा है कि उत्तराखंड कलाकारों का सम्मान करता है और यह मामला अब यहीं खत्म होना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह जल्द ही अपने अच्छे दोस्त दलेर मेहंदी और मीका सिंह से इस बारे में बात करेंगे.

Top Deals Inside

'दोनों मेरे अच्छे दोस्त हैं…', दलेर मेहंदी से बात करेंगे सीएम पुष्कर धामीZoom

दलेर मेहंदी से बात करेंगे पुष्कर सिंह धामी?

Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल द्वारा मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को मंच पर सबके सामने डांटे जाने और उन पर नशे में होने का आरोप लगाने के मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने विवाद को खत्म करने की बात कही. उन्होंने बताया कि विवाद से जुड़े दोनों मेरे दोस्त हैं. साथ ही उन्होंने बताया कि वे जल्द ही दलेर मेहंदी से बात करेंगे और सारे गिले-शिकवे दूर करेंगे.

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ था जब नई टिहरी के नरेंद्र नगर क्षेत्र में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी अपनी प्रस्तुति दे रहे थे. उसी दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से दलेर मेहंदी से यह तक कह दिया कि क्या वह शराब पिए हुए हैं क्योंकि वह ठीक से बोल नहीं पा रहे हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो गया था.

मीका सिंह ने की थी माफी की मांग

इस अपमानजनक घटना के सामने आने के बाद बॉलीवुड और संगीत जगत में भारी आक्रोश फैल गया था. दलेर मेहंदी के भाई और प्रसिद्ध गायक मीका सिंह ने इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए मंत्री सुबोध उनियाल से सार्वजनिक माफी की मांग की थी. मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा था कि एक कलाकार की गरिमा और सम्मान सबसे ऊपर होता है, और मंत्री जी को यह नहीं भूलना चाहिए कि दलेर मेहंदी ने तब शो करने की सहमति दी थी जब एक अन्य कलाकार की तबीयत खराब हो गई थी. मीका ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की थी, जिसके बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी तेज हो गई थी.

मामला यहीं खत्म होना चाहिए -सीएम धामी

बढ़ते विवाद को थामने के लिए अब खुद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया के सामने आकर बयान दिया है. सीएम धामी ने कहा कि उनका मानना है कि उस वक्त मंत्री जनता के भारी दबाव में रहे होंगे. मंत्री ने खुद यह स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि दलेर मेहंदी अस्वस्थ थे. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘उत्तराखंड कलाकारों की भूमि है और यहां हर कलाकार का पूरा सम्मान किया जाता है. मुझे लगता है कि इस मामले को अब यहीं समाप्त कर दिया जाना चाहिए.’ सीएम ने आगे कहा कि वह खुद दलेर मेहंदी और मीका सिंह से बात करेंगे क्योंकि दोनों उनके बेहद अच्छे और पुराने दोस्त हैं.

मंत्री सुबोध उनियाल ने दी थी अपनी सफाई

दूसरी तरफ, चौतरफा घिरने के बाद मंत्री सुबोध उनियाल ने भी अपनी सफाई में कहा था कि दलेर मेहंदी एक बड़े गायक हैं और उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था. लेकिन कार्यक्रम के दौरान उन्हें ऐसा लगा कि गायक केवल लिप-सिंकिंग कर रहे हैं और जनता की तरफ से भी लगातार दबाव आ रहा था. हालांकि, मंत्री ने भी बाद में यह स्वीकार किया था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि गायक की तबियत खराब होने के कारण उनकी आवाज और जुबान लड़खड़ा रही थी.



Source link