Last Updated:
Bhopal News: भोपाल में कांग्रेस के जन चौपाल पर प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बीजेपी के आयोजन जनता तक पहुंचने के लिए होते हैं और कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है. वहीं, वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस गांव-गांव चौपाल लगाने की तैयारी में है.
आचार्य शिवकांत(भोपाल),
BJP Reaction Vote Chori Campaign: एमपी भोपाल में कांग्रेस के जन चौपाल को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रदेश बीजेपी के मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने रिएक्शन दिया है. उन्होंने बीजेपी के आयोजनों का मकसद बताया और किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर निशाना साधा है. लोया ने कहा कि कांग्रेस के जन चौपाल की तुलना बीजेपी के आयोजनों से नहीं की जा सकती है. उनके मुताबिक, बीजेपी के आयोजन जनता तक पहुंचने के लिए होते हैं. ये आयोजन पहले कार्यकर्ताओं तक पहुंचते हैं और फिर कार्यकर्ताओं के जरिए पार्टी का मैसेज जनता तक जाता है.
उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे झूठ बोल रहे हैं और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश कर रहे हैं. लोया ने कहा कि इसी के खिलाफ बीजेपी के अभियान चल रहे हैं और आगे भी चलते रहेंगे.
किसानों के मुद्दे पर जीतू पटवारी को घेरा
किसानों के मुद्दे पर लोया ने कहा कि जीतू पटवारी को शायद यह पता ही नहीं कि दोहरा मापदंड किसे कहते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार का एकमात्र मापदंड किसानों को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी आर्थिक स्थिति सुधारना और आमदनी को बढ़ाना है. इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी. लोया के अनुसार, बीजेपी सरकार ने कृषि विस्तार, बिजली, बीज और खाद की व्यवस्था के लिए काम किया है. उन्होंने कहा कि किसान सरकार की पहली प्रायोरिटी में हैं, क्योंकि मध्य प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं.
कमलनाथ सरकार पर भी लगाया आरोप
इसके अलावा कांग्रेस से तुलना करते हुए लोया ने कहा कि कमलनाथ सरकार के समय प्रदेश की कृषि को चौपट करने का काम हुआ था. उन्होंने आरोप लगाया कि उस सरकार ने तबाही मचाई थी. लोया ने कहा कि सरकार किसानों के साथ खड़ी है, जबकि कांग्रेस केवल किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है.
कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान
दरअसल, मध्य प्रदेश में वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस गांवों और बूथ लेवल तक आंदोलन चलाने की तैयारी में है. पार्टी वोटिंग लिस्ट में आईं गड़बड़ियों को लेकर जनसंपर्क अभियान चलाएगी और गांव-गांव चौपाल लगाकर लोगों को जागरूक करेगी. इस दौरान पर्चे बांटे जाएंगे और वोटिंग लिस्ट से नाम हटने या एंट्रीज में गड़बड़ी की आशंका वाले मामलों की जानकारी जुटाई जाएगी. इसके लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश, जिला और ब्लॉक लेवल पर कार्यक्रम तय किए हैं.