SBI Data Breach: एसबीआई ने माना लीक हो गया ग्राहकों का डेटा, हैकर्स के पास पहुंची कौन-कौन सी जानकारियां

SBI Data Breach: एसबीआई ने माना लीक हो गया ग्राहकों का डेटा, हैकर्स के पास पहुंची कौन-कौन सी जानकारियां


Last Updated:

SBI Data Leak : भारतीय स्‍टेट बैंक ने पुष्टि की है कि उसके ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक हो गया है. 16 अक्‍टूबर को ‘साइबरपल्स56’ ने X पर एक पोस्‍ट शेयर कर एसबीआई के डेटा लीक की जानकारी दी थी. इस साइबर हमले को सीरियसिम नाम के एक हैकर ग्रुप ने अंजाम दिया है.

Zoom

साइबरपल्स56 ने चेतावनी दी है कि यदि यह डेटासेट असली साबित होता है, तो इसके बेहद गंभीर परिणाम हो सकते हैं.

नई दिल्‍ली. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने माना है कि उसके ग्राहकों का डेटा हैकर्स के पास पहुंच गया है. बैंक के अनुसार डेटा लीक के जरिए 3,897 ग्राहक रिकॉर्ड प्रभावित हुए हैं. ग्राहकों के नाम, जेंडर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर जैसी अहम जानकारियां लीक हुई हैं. गौरतलब है कि सीरियसिम नाम के एक हैकर ग्रुप ने एसबीआई से जुड़े लाखों गोपनीय रिकॉर्ड और संवेदनशील दस्तावेज हासिल करने का दावा किया था. चोरी किए गए इस डेटा में ग्राहकों के नाम, पते, लोन अप्‍लीकेशन (Loan Applications) और खाता खोलने से जुड़े महत्वपूर्ण कागजात शामिल हैं. एसबीआई का कहना है कि वह सभी जरूरी सुरक्षा उपाय कर रहा है. बैंक ने डेटा लीक की जांच भी शुरू कर दी है.

SBI ने बताया कि उसे 16 अक्टूबर को डार्क वेब पर डेटा लीक को लेकर अलर्ट मिले थे. ये अलर्ट बैंक के थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर, डिफेंस साइबर एजेंसी और इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने जारी किए थे. एसबीआई ने कहा कि इस घटना से उसके कोर बिजनेस ऑपरेशन्स, सर्विसेज और फाइनेंशियल परफॉरमेंस पर कोई असर नहीं पड़ा है. SBI ने कहा कि वह इस पूरी घटना पर नजर बनाए हुए है. बैंक सभी जरूरी कदम उठाएगा.

16 अक्‍टूबर को सामने आया मामला

साइबर सुरक्षा पर नजर रखने वाले अकाउंट ‘साइबरपल्स56’ ने X पर एक पोस्‍ट शेयर कर एसबीआई के डेटा पर हुए इस हमले की जानकारी दी थी. पोस्ट के अनुसार, हैकर ग्रुप के पास सीएसवी फॉर्मेट में एसबीआई के ग्राहकों की 3.75 लाख डेटा एंट्रीज और 2,722 पीडीएफ फाइलें हैं. साइबरपल्स56 ने 16 अक्टूबर को सबसे पहले एसबीआई पर हुए इस साइबर हमले की जानकारी दी थी. साइबरपल्‍स56 का कहना है कि हैकर्स ने डार्क वेब पर एसबीआई से चुराए डेटा का पहला सेट जारी किया है.

CERT-In से जुड़ी साइबर एजेंसी करेगी जांच

डेटा लीक का अलर्ट मिलते ही SBI ने अपने साइबर इंसिडेंट रिस्पॉन्स और कंटेनमेंट प्रोटोकॉल को तुरंत एक्टिव कर दिया है. बैंक ने CERT-In की एक इंडिपेंडेंट साइबर सिक्योरिटी एजेंसी को इस लीक की जांच का जिम्‍मा सौंपा है. यह एजेंसी ग्राहकों व बैंक को होने वाले संभावित जोखिमों का आकलन कर रही है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्या लीक डेटा पूरी तरह ऑथेंटिक और पूरा है, इसके लीक होने का सोर्स क्या था और ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या-क्या उपाय तुरंत लागू किए जाने चाहिए.



Source link