Last Updated:
MP Martyred Police Family Compensation: मध्य प्रदेश में अगर कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर शहीद हो जाता है, तो उसके परिवार को एक करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जाती है. अब पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर सीएम मोहन यादव ने इसमें बदलाव किया है. अब एक करोड़ रुपए की राशि शहीद की पत्नी और उसके माता-पिता को हिस्सा दिया जाएगा. दोनों को 50-50 लाख रुपए मिलेंगे.
सीएम मोहन यादव ने सहायता राशि में किया बदलाव
Martyred Police Family Compensation: मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में लाल परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस परेड समारोह-2026 में शामिल हुए. इस दौरान सीएम यादव ने बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की. सीएम का पुलिस बैंड द्वारा धुन बजाकर स्वागत किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस और सशस्त्र बलों का हमेशा खास महत्व रहा है. हमारी सनातन संस्कृति में शस्त्र धारण करने का मतलब केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिए तैयार रहने का संकल्प लेना है. इस दौरान उन्होंने सहायता राशि में बदलाव को लेकर भी बड़ी घोषणा की है.
सहायता राशि के लिए अपनाया गया अलग फॉर्मूला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस जवानों और उनके परिवार के लिए अहम कदम उठाए हैं. जवानों की शहादत के बाद दी जाने वाली 1 करोड़ रुपए राशि में से 50 प्रतिशत पत्नी और 50 प्रतिशत बुजुर्ग माता-पिता को देने का फैसला किया गया है. पुलिस विभाग में नई भर्ती, प्रोमोशन और सभी प्रकार की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है.
सीएम ने साइबर अपराध को बताया बड़ी चुनौती
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश पुलिस ने अपनी मेहनत से राज्य की साख बढ़ाई है. केंद्र सरकार ने नए आपराधिक कानूनों को लागू किया है. प्रदेश में इनके अनुसार व्यवस्थाएं तैयार कर ली गई हैं. राज्य में साइबर अपराध जैसे विषय हैं. हम सभी मिलकर इन्हें खत्म करेंगे. युवाओं को मौका देने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस बैंड सहित दूसरे पदों पर नई भर्तियां की हैं. इसके बाद सीएम ने पुलिस द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम की तारीफ की है.
नक्सलवाद का खत्म होना बताया अहम क्षण
मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि मध्य प्रदेश 35 साल पुराने नक्सलवाद के दंश से बाहर निकला है. हमारे बहादुर जवानों ने मुश्किल परिस्थितियों का सामना कर नक्सलवाद की चुनौती का नाश किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश देश में सबसे पहले नक्सलवाद से मुक्त हुआ है. यह हमारे लिए गौरव और गर्व की बात है.
देश के लिए पुलिसवालों की भूमिका काफी अहम
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस वालों की भूमिक काफी अहम है. लाल चौक से लेकर लाल किले की प्राचीर तक लहराता तिरंगा आज पूरे देश और दुनिया के सामने भारत के स्वाभिमान, और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है. यह ध्वज हमारे वीर जवानों, उनके अदम्य साहस और अमर बलिदान की गाथा को भी अभिव्यक्त करता है. आज जब पूरी दुनिया उथल-पुथल और अनेक चुनौतियों के दौर से गुजर रही है, तब भी भारत का लोकतंत्र सुरक्षित और सशक्त है. इसके बाद उन्होंने शहीदों को नमन किया.