आज 21 अक्टूबर को निवेशकों की नजरें रिलायंस के जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ पर रहेंगी. जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ आज सुबह 10 बजे सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है. इश्यू खुलने से पहले ही कंपनी को बड़े संस्थागत निवेशकों का समर्थन मिला. जियो ने एंकर निवेशकों से करीब ₹8,109.84 करोड़ जुटाए हैं. आईपीओ का प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया है. कंपनी इस इश्यू के तहत 27 करोड़ तक नए शेयर जारी करेगी. अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि आम निवेशकों की ओर से इस आईपीओ को कैसा रिस्पॉन्स मिलता है और पहले दिन सब्सक्रिप्शन की रफ्तार कैसी रहती है.
October 21, 202614:06 IST
एक्सपर्ट ने टेक्नोलॉजी और प्रतिस्पर्धी बढ़त को बताया जियो की ताकत
एनम ग्रुप के को-फाउंडर वल्लभ भंसाली के मुताबिक, जियो की शुरुआती 4G टेक्नोलॉजी में निवेश, इन-हाउस 5G डेवलपमेंट और रिसर्च पर खर्च कंपनी की बड़ी ताकत हैं. उन्होंने कहा कि जियो पहले ही बड़े पैमाने पर पूंजीगत खर्च कर चुकी है. इससे आगे चलकर निवेश की जरूरत का दबाव कम हो सकता है और कैश फ्लो बेहतर होने की गुंजाइश बन सकती है. भंसाली ने जियो की क्षमता का इस्तेमाल फिलहाल करीब 30-35% होने का अनुमान जताया. उनके मुताबिक, टेक्नोलॉजी में सुधार से कंपनी अपने मौजूदा नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर का अधिक प्रभावी इस्तेमाल कर सकती है.
October 21, 202613:07 IST
निखिल कामथ को जियो आईपीओ की अच्छी लिस्टिंग की उम्मीद
जीरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ को उम्मीद है कि जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ की शेयर बाजार में अच्छी लिस्टिंग हो सकती है. CNBC-TV18 से बातचीत में उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में बाजार की स्थिति कुछ कमजोर है, ऐसे में जियो का आईपीओ एक सकारात्मक मौका है. कामथ के मुताबिक, जब पूरा बाजार दबाव में होता है, तब भी ज्यादातर आईपीओ ने अच्छा प्रदर्शन किया है, हालांकि ऐसा हर आईपीओ के साथ नहीं हुआ है. उन्होंने यह भी कहा कि अब कंपनियां आईपीओ की कीमत तय करते समय निवेशकों के लिए कुछ गुंजाइश छोड़ रही हैं, जिससे लिस्टिंग के बाद शेयर में बढ़त की संभावना बन सकती है.
October 21, 202613:03 IST
QIB कैटेगरी में 4 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को बड़े संस्थागत निवेशकों (QIB) से मजबूत रिस्पॉन्स मिला है. इस कैटेगरी में अब तक 4.13 गुना सब्सक्रिप्शन दर्ज किया गया है. वहीं, गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) की कैटेगरी 0.58 गुना और खुदरा निवेशकों की कैटेगरी 0.45 गुना सब्सक्राइब हुई है. कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्सा 0.96 गुना और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों की कैटेगरी 0.84 गुना सब्सक्राइब हुई. कुल मिलाकर जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को अब तक 1.44 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है.
October 21, 202611:21 IST
Religare Broking की Jio Platforms IPO पर राय: लंबी अवधि के लिए सब्सक्राइब की सलाह
रेटिंग: लंबी अवधि के निवेश के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह.
वैल्यूएशन: FY28 के अनुमानित EV/EBITDA के आधार पर 11.6 गुना वैल्यूएशन.
FY26 के वित्तीय नतीजे: कंपनी का रेवेन्यू ₹1,46,885 करोड़, EBITDA ₹76,255 करोड़ और टैक्स के बाद मुनाफा ₹30,049 करोड़ रहा.
कर्ज की स्थिति: FY26 में नेट लेवरेज घटकर 0.36 गुना रह गया.
पूंजी पर रिटर्न: औसत पूंजी पर रिटर्न (ROACE) FY24 के 12.8% से घटकर FY26 में 10.7% रह गया.
October 21, 202611:13 IST
उदय कोटक ने Jio Platforms IPO को बताया ऐतिहासिक
- जियो की लिस्टिंग के बाद मार्केट कैप के लिहाज से RIL ग्रुप भारत का सबसे बड़ा कारोबारी समूह बन जाएगा.
- करीब दो दशक बाद RIL ग्रुप की ओर से इतना बड़ा और ऐतिहासिक IPO आ रहा है.
- जियो प्लेटफॉर्म्स की सबसे बड़ी ताकत इसके 53 करोड़ यूजर्स और शानदार कामकाज को बताया.
- उदय कोटक के मुताबिक, जियो दुनिया की इकलौती कंपनी है, जिसके पास अपना एंड-टू-एंड कनेक्टिविटी नेटवर्क है.
- जियो प्लेटफॉर्म्स की ग्रोथ तेज है और समय के साथ लगातार बनी हुई है.
October 21, 202610:53 IST
JIO IPO: 2 घंटे में फुल सब्सक्राइब, मेगा IPO में सबसे तेज बोली का रिकॉर्ड
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ खुलने के महज 2 घंटे के भीतर पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया. कंपनी ने बजाज हाउसिंग फाइनेंस, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और हुंडई जैसे बड़े आईपीओ के मुकाबले तेजी से सब्सक्रिप्शन हासिल किया. क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 3 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब हुआ. वहीं, 8,100 करोड़ रुपये के एंकर बुक को 2.50 लाख करोड़ रुपये से अधिक की मांग मिली, जो इसके आकार के मुकाबले 30 गुना से ज्यादा है. 100 अरब डॉलर से अधिक वैल्यूएशन वाला यह भारत का पहला आईपीओ बताया जा रहा है और एशिया के सबसे बड़े आईपीओ में शामिल है.
October 21, 202610:52 IST
JIO IPO LIVE: जियो ने भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया: समीर अरोड़ा
हेलिओस के समीर अरोड़ा के मुताबिक, जियो ने भारत में डिजिटल कारोबार के विकास में अहम भूमिका निभाई है. कंपनी ने देश में डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार किया, जिससे नई पीढ़ी की डिजिटल कंपनियों को आगे बढ़ने में मदद मिली. जियो ने बड़े स्तर पर डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई है. अरोड़ा का मानना है कि कंपनी का विशाल नेटवर्क और कारोबार का पैमाना उसे आगे लगातार विकास करने का मौका देता है. उनके अनुसार, जियो में निवेश से उचित रिटर्न मिलने की अच्छी संभावना है.
October 21, 202610:35 IST
JIO IPO LIVE: पहले दिन 84% सब्सक्राइब, QIB कैटेगरी में 2.86 गुना बोली
जियो आईपीओ लाइव: जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को पहले दिन 21 अक्टूबर को सुबह 10:05 बजे तक कुल 0.84 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. संस्थागत निवेशकों (QIB) की कैटेगरी में सबसे ज्यादा मांग दिखी और यह हिस्सा 2.86 गुना सब्सक्राइब हुआ. वहीं, रिटेल निवेशकों का हिस्सा 0.15 गुना और गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 0.17 गुना भरा. बड़े NII निवेशकों की कैटेगरी में 0.14 गुना और छोटे NII निवेशकों की कैटेगरी में 0.23 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. कर्मचारियों के लिए आरक्षित हिस्से को 0.38 गुना बोली मिली. आईपीओ में 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 16.69 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां आईं. इस दौरान कुल 5,48,547 आवेदन दर्ज किए गए.
October 21, 202610:10 IST
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स में तेजी
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स में 1.26 फीसदी की तेजी देखी जा रही है.
October 21, 202610:04 IST
जियो आईपीओ रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए खुला
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ आज 21 अक्टूबर को 10 बजे खुल गया है. जियो प्लेटफॉर्म्स के बहुप्रतीक्षित आईपीओ में 27 करोड़ नए इक्विटी शेयर जारी किए जा रहे हैं. ये शेयर कंपनी की आईपीओ के बाद की कुल इक्विटी का 2.9% होंगे. इश्यू में जियो प्लेटफॉर्म्स के कर्मचारियों के लिए 500 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित रखे गए हैं. वहीं, इसकी पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पात्र शेयरधारकों के लिए 2,500 करोड़ रुपये के शेयर आरक्षित हैं.
October 21, 202609:23 IST
शेयर बाजार में तेजी
BSE सेंसेक्स 688.69 अंक यानी 0.93% की तेजी के साथ 74,541.59 पर पहुंच गया.
निफ्टी 50 188.65 अंक यानी 0.82% चढ़कर 23,077.60 पर कारोबार कर रहा है.
October 21, 202609:22 IST
Jio Platforms Listing Date: कब होगी जियो के शेयर्स की लिस्टिंग
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर 28 अक्टूबर 2026 को BSE और NSE, दोनों स्टॉक एक्सचेंजों पर लिस्ट होगा.
October 21, 202608:52 IST
Jio IPO Allotment Date: 26 अक्टूबर को हो सकता है शेयर अलॉटमेंट
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का शेयर अलॉटमेंट 26 अक्टूबर 2026 तक फाइनल होने की संभावना है. जिन निवेशकों ने इस आईपीओ में पैसा लगाया है, वे अलॉटमेंट प्रक्रिया पूरी होने के बाद चेक कर सकेंगे कि उन्हें शेयर मिले हैं या नहीं.
October 21, 202608:52 IST
Jio IPO GMP: ग्रे मार्केट में ₹273 का प्रीमियम, 24.40% लिस्टिंग गेन का अनुमान
21 अक्टूबर 2026 को सुबह 7:37 बजे के अपडेट के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹273 चल रहा है. आईपीओ का अपर प्राइस बैंड ₹1,119 प्रति शेयर है. इस आधार पर शेयर की अनुमानित लिस्टिंग कीमत ₹1,392 हो सकती है. यानी मौजूदा GMP के हिसाब से निवेशकों को करीब 24.40% लिस्टिंग गेन मिलने का अनुमान है.
October 21, 202608:39 IST
एंकर निवेशकों से जुटाए ₹8,109 करोड़
जियो प्लेटफॉर्म्स ने आईपीओ खुलने से पहले 212 एंकर निवेशकों से ₹8,109.84 करोड़ जुटाए हैं. इस इश्यू में कई बड़े विदेशी सरकारी निवेश फंड और पेंशन फंड ने भी पैसा लगाया है. इनमें सिंगापुर का GIC, नॉर्वे का Norges Bank Investment Management, अबू धाबी और कतर के निवेश प्राधिकरण शामिल हैं. इसके अलावा कनाडा का PSP Investments और अमेरिका के कैलिफोर्निया स्टेट टीचर्स रिटायरमेंट सिस्टम व फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम ने भी निवेश किया है.