नई दिल्ली. जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ आज खुल गया. इस आईपीओ में लोग जमकर पैसा लगा रहे हैं. गुजरात के अहमदाबाद शहर में निवेशकों के बीच इस आईपीओ को एक अलग ही तरह की दीवानगी है. कई निवेशकों ने कहा कि अगर उन्हें इस आईपीओ के शेयर मिल गए तो उनकी दिवाली और भी ज्यादा रोशन हो जाएगी. अहमदाबाद के लोगों को इस आईपीओ से अच्छा रिटर्न मिलने की पूरी उम्मीद है.
सीएनबीसी आवाज की एक रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद के निवेशकों ने जियो आईपीओ को लेकर अपनी उम्मीदें और भावनाएं खुलकर साझा की हैं. किसी को अलॉटमेंट का बेसब्री से इंतजार है, तो कोई लिस्टिंग गेन और बेहतर रिटर्न की उम्मीद लगाए बैठा है. एक निवेशक ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें जियो के इस आईपीओ में शेयर मिल जाते हैं, तो उनकी “दिवाली सुधर जाएगी.” यह उत्साह दिखाता है कि वेशक इस इश्यू को लेकर कितनी सकारात्मक उम्मीदें पाले हुए हैं.
शादी का रिलायंस से निकला था खर्च
अहमदाबाद के निवेशकों के बीच रिलायंस ब्रांड को लेकर गहरा भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिल रहा है. एक निवेशक ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके घर में शादी का पूरा खर्च स्वर्गीय धीरूभाई अंबानी के समय रिलायंस के जरिए ही पूरा हुआ था. अब वर्षों बाद जब जियो प्लेटफॉर्म्स अपना आईपीओ ला रही है, तो उन्हें उसी पुराने भरोसे और उत्साह के साथ एक बार फिर निवेश करने का मौका दिख रहा है.
अहमदाबाद के निवेशकों का मानना है कि रिलायंस समूह का इतिहास निवेशकों को फायदा देने का रहा है और जियो के आईपीओ से भी वे अच्छे रिटर्न की आस लगाए हैं. हालांकि, बाजार विशेषज्ञों और निवेशकों का यह भी कहना है कि आईपीओ में निवेश करने पर कभी भी मुनाफे की तय गारंटी नहीं होती. शेयर अलॉट होने के बाद भी वास्तविक रिटर्न लिस्टिंग के समय के बाजार रुझान और कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर ही निर्भर करेगा.
सिर्फ टेलीकॉम कंपनी नहीं रही है जियो
अहमदाबाद के कई निवेशक जियो के कारोबार को केवल 4G/5G मोबाइल नेटवर्क तक सीमित नहीं देख रहे हैं. उनका मानना है कि कंपनी डिजिटल सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), क्लाउड कंप्यूटिंग, ब्रॉडबैंड और अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेक्टरों में तेजी से पैर पसार रही है. एक निवेशक ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जियो भारत की सबसे बड़ी एआई और टेक कंपनियों में शुमार हो सकती है. कुल मिलाकर, अहमदाबाद के निवेशकों की यह राय दर्शाती है कि बाजार में जियो प्लेटफॉर्म्स को लेकर राय पूरी तरह सकारात्मक ही है.
(Disclaimer: IPO में किया गया निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. यदि आप आईपीओ में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह की लाभ या हानि के लिए लिए News18 जिम्मेदार नहीं होगा.)
(डिस्क्लेमर – नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)