सड़क बनने में देरी तो लोगों ने नेता जी को घेरा, मासूम बनकर कहा-मेरा सिस्टम लाचार और सभी नपुंसक हो गए


Last Updated:

Ratlam News: रतलाम में विकास के दावों के बीच सिस्टम की लाचारी सामने आई है. मामला लक्कड़पीठा फोरलेन निर्माण का है, जहां काम में हो रही देरी से परेशान लोगों का गुस्सा महापौर प्रहलाद पटेल पर फूट पड़ा. जनता ने महापौर को जमकर खरी-खरी सुनाई. हालात ऐसे बने कि महापौर को खुद कहना पड़ा कि मेरा सिस्टम लाचार है, सभी नपुंसक हो गए हैं. अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

Top Deals Inside

रोड बनने में देरी, लोगों ने नेता जी को घेरा, कहा-मेरा सिस्टम लाचार, सभी नपुंसकZoom

रतलाम ने लोगों ने महापौर को घेरा

Ratlam News: रतलाम के लक्कड़पीठा फोरलेन निर्माण में देरी अब लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज लोगों ने महापौर प्रहलाद पटेल को घेर लिया और जमकर सवाल किए. लोगों की नाराजगी के बीच महापौर ने अपनी लाचारी जाहिर करते हुए सिस्टम पर ही सवाल खड़े कर दिए. उन्होंने कहा कि मेरी कोई भी सुन नहीं रहा है. फाइलें उज्जैन में पड़ी रहती हैं.

महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि मैं तो आप लोगों के हिसाब से बात करके जाता हूं ना. मेरे सामने ही तीन महीने का टाइम ही दिया था. मैं तो सिस्टम के ही भरोसे बोलता हूं कि मेरा सिस्टम ही लाचार है और सभी नपुंसक हो गए हैं और कोई भी सुनता नहीं है. कोई एक व्यक्ति पूरे नगर निगम को घुमा सकता है. लोगों ने कहा कि ठेकेदार फोन नहीं उठाता है, जिस भी ठेकेदार का फास्ट काम है. उसे काम दो आप.

महापौर ने डामर के रेट बढ़ने की कही बात
बाद में महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि हमारी एक फाइल उज्जैन पड़ी रहती है. उस पर कोई फॉलोअप नहीं लेता है. मैं तो कमिश्नर साहब को भी कह चुका हूं. मेरी कसावट है, तभी रतलाम में 400 करोड़ रुपए के काम जमीन पर उतरे हैं. यह नहीं हो पाया है. इसके कारण मैंने बताए हैं आपको. डामर के रेट बढ़ने की वजह से ठेकेदार पीछे हट रहे हैं.

लोगों ने किया चक्का जाम
फोरलेन निर्माण में देरी की वजह डामर के दाम बढ़ना बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि डामर के दाम बढ़ने के चलते ठेकेदार ने अब तक काम शुरू नहीं किया है. बाद में जब फोर लेन बनने में देरी हुई, तो लोगों ने चक्का जाम कर दिया. बाद में महापौर उन्हें समझाते हुए भी दिखाई दिए.

अब सवाल यह है कि आखिर निर्माण कार्य कब शुरू होगा और लोगों को इस परेशानी से कब राहत मिलेगी? फिलहाल, फोरलेन निर्माण में देरी को लेकर जनता की नाराजगी साफ नजर आ रही है. अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी और नगर निगम इस मामले में क्या कदम उठाते हैं. लेकिन इस मामले में महापौर की किरकिरी जरूर करवा दी है.



Source link