Last Updated:
छतरपुर की पुष्पा जिन्होंने मजदूरी करके अपने बेटे को पाला-पोसकर बड़ा किया. बेटे को 12वीं तक पढ़ाया भी. बेटे से लगाव इतना कि घर से दूर ही नहीं जाने दिया. जवान बेटे को आज भी मजदूरी करके उसका पेट भरती थीं, लेकिन बेटे की अचानक मौत से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट गया. जानें पूरी घटना
Chhatarpur News. आज हम आपको एक ऐसे परिवार की दुःख भरी कहानी बताने जा रहे हैं जहां एक मां ने मजदूरी करके अपने बेटे को पाला-पोसकर बड़ा किया. बेटे को 12वीं तक पढ़ाया भी. बेटे से लगाव इतना कि घर से दूर ही नहीं जाने दिया. बेटे की शादी के लिए लड़की भी ढूंढनी शुरू कर दी थी. लेकिन बड़े बेटे की अचानक मौत से आज पूरे परिवार में दुःख का पहाड़ टूट गया.
दरअसल, मप्र के छतरपुर जिले के लवकुशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुढ़ाकला गांव में युवक शोभालाल कुशवाहा जिसकी मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया है. ग्रामीण इसे आत्महत्या बता रहे तो परिवार के लोग इसे साजिश बता रहे. हालांकि, पुलिस अभी जांच में जुटी है. बता दें, शोभालाल अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े बेटे थे. जिनकी शादी के लिए लड़की ढूंढ़ी जा रही थी. इस घटना को लेकर परिवार का क्या कहना है? आइए जानते हैं
मजदूरी करके बेटे को पढ़ाया
मृत शोभालाल की माता पुष्पा बताती हैं, ”मैंने अपने बेटे को मजदूरी करके पाला है. मजदूरी करके अभी भी उसको खिलाती थी. 12वीं तक पढ़ाया भी है. गांव में किसी से उसकी बुराई नहीं थी. शादी करने की तैयारी थी. घर से दूर हार खेत में मकान बना है. वहीं हर दिन जाता था. कल मझला लड़का बुलाने गया था तो बोला था आ रहा हूं. हमारे ससुर भी बुलाने गए तो बोलता रहा. उसके पापा भी गए. सब ठीक था फिर अचानक उसकी मौत की खबर आती है और मेरा कलेजा फट जाता है”.
शादी के लिए लड़की ढूंढ रहे थे
पुष्पा बताती हैं कि मेरे बेटे ने किसी का कर्ज नहीं लिया था और न ही उसे कोई बीमारी थी. लड़ाई झगड़ा भी नहीं था. फिर उसका गला किसने रेत दिया और पेड़ पर टिका दिया. मझले लड़के शिवशंकर ने पिता को बड़े भाई के मौत की दी जानकारी. वहीं, गांव के सरपंच पुत्र राजेंद्र पांडे बताते हैं कि कल शोभालाल के पिता जी का मेरे पास फोन आया था. उन्होंने बेटे के लापता होने की जानकारी दी थी. कुआं में बाबा-दाई रहते थे. शोभालाल भी हर दिन आता जाता रहता था. वहीं पर खून पड़ा मिला और पेड़ पर शव टिका मिला. इसके बाद हमनें लवकुश नगर थाने में सूचना दे दी. पुलिस अस्पताल ले गई जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.
बता दें, बीते मंगलवार शाम शोभालाल का शव महुआ के पेड़ पर टिका पाया गया था. मृतक के गले पर धारदार हथियार से गहरे घाव के निशान थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था. शव जमीन से करीब 10 फीट की ऊंचाई पर पेड़ की टहनियों के बीच पाया गया था. पुलिस जांच के दौरान घटनास्थल से एक लोहे का हसिया बरामद किया गया है, जो पूरी तरह से खून से सना हुआ था. लवकुशनगर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें दशहरे की रात करीब 8 बजे प्राप्त हुई थी, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी जांच में शामिल किया गया है.