Last Updated:
Bhopal News: भोपाल ISBT पर DRI ने दिल्ली से आए युवक को दो ट्रॉली बैग के साथ पकड़ा है, जिसमें सलवार सूट की पैकिंग के अंदर 11 पैकेट मिले, जिनमें 9.139 किलो मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स थी. पुलिस ने इनकी कीमत करीब 7.32 करोड़ रुपये बताई है. जानिए क्या है पूरा मामला…
भोपाल ISBT, नशीले पदार्थों की तस्करी (pic credit- news18)
रमाकांत दुबे(भोपाल),
Bhopal ISBT Drug Smuggling Hub: मध्य प्रदेश के भोपाल के अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. DRI की टीम ने दिल्ली से आए एक युवक को पकड़ा, जिसके पास से करीब 7.32 करोड़ रुपये कीमत की मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद हुई है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी एनएच 46 (दिल्ली-नागपुर मार्ग) से होकर बेंगलुरु जाने वाली बस से भोपाल आईएसबीटी पर उतरा था. उसके पास दो ट्रॉली बैग थे. जब DRI की टीम ने तलाशी ली, तो बैग के अंदर 11 पैकेट मिले. इन पैकेटों को सलवार सूट की पैकिंग में छिपाकर रखा गया था, ताकि किसी को शक न हो. जांच में पता चला कि इनमें 9.139 किलो क्रिस्टलीय मेथाम्फेटामाइन ड्रग्स थी. इसकी अनुमानित कीमत 7.32 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
6 दिन में दूसरी जब्ती
बता दें, यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले 14 अक्टूबर को भी DRI ने इसी बस टर्मिनल पर कार्रवाई की थी. उस दिन दिल्ली से बेंगलुरु जा रही बस से एक महिला को पकड़ा गया था. उसके पास से 2.08 करोड़ रुपये की एम्फेटामीन ड्रग्स मिली थी. इसकी मतलब है कि सिर्फ 6 दिन के भीतर भोपाल ISBT पर ड्रग्स की यह दूसरी बड़ी जब्ती है.
तस्करों के लिए क्यों आसान है ISBT?
भोपाल ISBT दिल्ली, नागपुर और बेंगलुरु जैसे बड़े शहरों को जोड़ने वाले रास्ते पर पड़ता है. यहां 24 घंटे बसों की आवाजाही रहती है. वहां पर भीड़ ज्यादा होने के कारण ही पार्सल या बैग बदलना आसान माना जाता है. शायद इसी वजह से तस्कर इस जगह को अपना सेंटर प्वाइंट बना रहे हैं. DRI अब पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है. टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग्स कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाना था. इसके साथ ही दोनों मामलों के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
फिलहाल, लगातार दो बड़ी कार्रवाइयों के बाद अब ISBT पर निगरानी और कड़ी करने की जरूरत महसूस की जा रही है, ताकि ड्रग्स तस्करी के इस नेटवर्क को तोड़ा जा सके.