Last Updated:
Dehradun Sunday Market ISBT: स्टाइलिश विंटर कलेक्शन और बजट फ्रेंडली शॉपिंग का परफेक्ट कॉम्बिनेशन ढूंढ रहे हैं, तो देहरादून का यह खास बाजार आपका इंतजार कर रहा है. राजधानी में सर्दियों की दस्तक के साथ ही संडे मार्केट में ट्रेंडी विंटर व वेस्टर्न कपड़ों का नया स्टॉक पहुंचा है, जिसे ख़रीदने के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है. यहां ब्रांडेड लुक वाले ब्लेजर, वूलन टॉप्स, हुडीज़ और फैदर स्वेटर महज ₹50 से ₹200 की शुरुआती रेंज में मिल रहे हैं.
Dehradun Sunday Market ISBT: अगर आप कम बजट में स्टाइलिश और ट्रेंडी दिखने का शौक रखते हैं, तो इस वीकेंड देहरादून की स्पेशल मार्केट का रुख करना बिल्कुल न भूलें. इस बार वीकेंड मार्केट में विंटर वेयर और वेस्टर्न कपड़ों का ऐसा नया स्टॉक उतरा है, जो लोगों को काफी पसंद आ रहा है. यहां मात्र ₹50, ₹100 और ₹200 की किफायती कीमतों पर प्रीमियम क्वालिटी के ब्लेजर, कूल हुडीज़ और स्टाइलिश वन-पीस धड़ल्ले से बिक रहे हैं. कॉलेज जाने वाले युवाओं से लेकर ऑफिस कर्मचारियों तक, सभी के लिए यहां बेहतरीन ऑप्शन उपलब्ध हैं.
स्थानीय दुकानदार दानिश ने बताया कि हर रविवार को देहरादून में आईएसबीटी के नजदीक यह वीकेंड मार्केट लगता है, जो शहर का सबसे बड़ा बाजार माना जाता है. उन्होंने जानकारी दी कि मौसम और मांग के अनुसार यहां के स्टॉक में बदलाव किया जाता है. अब सर्दियों की शुरुआत को देखते हुए लड़कियों के लिए वूलन टॉप, कुर्ती फ्रॉक, फ्रॉक सूट, वेलवेट सूट और ब्लेजर की सबसे ज्यादा वैरायटी उपलब्ध कराई गई है.
लड़कियों के विंटर वेयर में ढेरों वैरायटी
दुकानदारों ने बताया कि उनके पास शॉर्ट फ्रॉक, लॉन्ग जैकेट, शॉर्ट डेनिम जैकेट, फैदर स्वेटर, वूलन स्कर्ट और फैंसी स्टाइलिश टॉप जैसी कई किस्में मौजूद हैं. इनकी शुरुआती कीमत केवल ₹50 है, जो कपड़े के काम और क्वालिटी के हिसाब से बढ़ती है. इस बाजार की खासियत यह है कि यहां केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि ऋषिकेश, मसूरी और दूर-दराज के पहाड़ी इलाकों से भी लोग खरीदारी करने आते हैं. कपड़ों के अलावा यहां जूते, बूट और घरेलू सामान भी काफी कम दामों पर मिल जाते हैं.
दूर-दराज से पहुंचते हैं खरीदार
किफायती दामों में वेस्टर्न वेयर का शानदार स्टॉक उत्तरकाशी से खरीदारी करने आई मनीषा ने बताया कि उन्होंने एक सोशल मीडिया वीडियो में इस बाजार के बारे में जाना था. यहां आने पर उन्हें काफी कम कीमतों में जैकेट, ट्रैक सूट और बच्चों के लिए सॉफ्ट टॉयज मिल गए. उन्होंने कहा कि मिडिल क्लास परिवारों के लिए यह बाजार बेहद किफायती और मददगार साबित होता है.
सीमित स्टॉक और भारी भीड़, समय से पहुंचने की सलाह
देहरादून के स्थानीय लोग भी पूरे हफ्ते इस संडे मार्केट का बेसब्री से इंतजार करते हैं. सर्दियों के सीजन की शुरुआत के कारण बाजार में अब इतनी भीड़ होने लगी है कि पैर रखने तक की जगह नहीं बचती है. बाजार में स्टॉक सीमित है लेकिन कपड़ों की वैरायटी और क्वालिटी बेहद शानदार है.