Champi Cyclone Meaning: दुनिया में इस साल 2026 का सबसे तगड़ा चक्रवाती तूफान आया हुआ है. एशिया के दक्षिणी और पूर्वी इलाके में उठे इस तूफान का नाम चांपी (Champi) है. इसकी रफ्तार 250 से लेकर 300 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की है. समुद्र में उठने वाले तूफानों के नाम अक्सर किसी देश, भाषा, फूल, जानवर या लोकल कल्चर से जुड़े होते हैं. लेकिन जब किसी तूफान का नाम चांपी सुनाई देता है तो सवाल उठता है कि इसका मतलब क्या है? यह नाम किसने रखा और जापान का इससे क्या संबंध है? क्या चांपी का नाम लाओस की भाषा से आया है? और क्या जापान तूफानों के नाम तय करने में कोई रोल निभाता है?
इन सवालों को समझने के लिए पहले यह जानना जरूरी है कि दुनिया में हर तूफान का नामकरण कोई एक ही संस्था नहीं करती है. अलग-अलग इलाकों के हिसाब से कई देशों का संगठन नाम तय करता है. अटलांटिक महासागर में आने वाले तूफानों और पश्चिमी प्रशांत महासागर में उठने वाले तूफानों के नाम तय करने का सिस्टम अलग-अलग है. पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में जापान का अहम रोल है, जबकि लाओस भी उन देशों में शामिल है जो इस पूरे क्षेत्र के तूफानों के लिए नामों की लिस्ट तैयार करने में योगदान देते हैं.
चांपी का मतलब क्या होता है?
चांपी नाम सुनने में भले ही किसी इंसान का नाम लगे लेकिन इसका संबंध लाओस की भाषा और वहां पाए जाने वाले सुगंधित फूल से है. तूफान के अंतरराष्ट्रीय नामकरण सूची में इसका अंग्रेजी रूप Champi है. हांगकांग ऑब्जर्वेटरी की 2026 की नामों और उनके मतलब की सूची के मुताबिक चांपी का मतलब है मोम जैसी बनावट वाला, मीठी खुशबू देने वाला फूल.
यह नाम लाओस ने उत्तरी प्रशांत महासागर के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से और दक्षिण चीन सागर में उठने वाले ट्रॉपिकल तूफानों के लिए प्रस्तावित नामों की सूची में दिया है. यानी चांपी का नाम जापान ने नहीं, बल्कि लाओस ने दिया है. यहां एक दिलचस्प बात है. किसी तूफान का नाम किसी खूबसूरत फूल पर रखा जा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि तूफान का उस फूल से कोई मौसम वैज्ञानिक संबंध है. नाम का मकसद तूफान की पहचान करना और उसके बारे में वॉर्निंग को आसानी से लोगों तक पहुंचाना है.
जापान का चांपी तूफान से क्या संबंध है?
इस कहानी में जापान का रोल भी खास है. लेकिन उसे समझने के लिए नाम सुझाने और नाम आधिकारिक तौर पर देने के बीच का अंतर जानना होगा. पश्चिमी उत्तरी प्रशांत महासागर और दक्षिण चीन सागर के लिए तूफानों के नाम तय करने का सिस्टम, संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी दो संस्थाओं एशिया और प्रशांत के लिए आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (ESCAP) और विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के जॉइंट सिस्टम के तहत चलती है. इसे मिलाकर टाइफून कमिटी कहा जाता है.
अब इस समिति में जापान और लाओस सहित 14 सदस्य देश और इलाके शामिल हैं. ये सभी अपनी ओर से तूफानों के नाम सुझाते हैं. इसके बाद अप्रूव किए गए नामों की लिस्ट तैयार की जाती है. जापान का रोल इसलिए अहम है क्योंकि जापान मौसम विज्ञान एजेंसी का टोक्यो स्थित रीजनल स्पेशलाइज्ड मेटियोरोलॉजिकल सेंटर इस क्षेत्र में ट्रॉपिकल तूफानों को आधिकारिक नाम देता है. वह समिति की तरफ से अप्रूव लिस्ट में से नाम का सिस्टमैटिक तरीके से इस्तेमाल करता है. इसका मतलब यह है कि जापान इस नामकरण सिस्टम का अहम हिस्सा है, लेकिन वह अकेले यह तय नहीं करता कि किसी तूफान का नाम चांपी होगा या कोई दूसरा.
तूफानों के नाम रखने की जरूरत क्यों पड़ी?
पहले तूफानों की पहचान के लिए अक्षांश, देशांतर और मौसम संबंधी तकनीकी डिटेल का सहारा लिया जाता था. लेकिन जब एक ही क्षेत्र में कई तूफान सक्रिय हों, तो केवल तकनीकी पहचान के आधार पर आम लोगों, मौसम वैज्ञानिकों, मीडिया और राहत एजेंसियों के लिए उनके बारे में बातचीत करना मुश्किल हो सकता है. छोटे और अलग-अलग पहचान वाले नाम इस समस्या को आसान बनाते हैं. उदाहरण के लिए, किसी मौसम चेतावनी में Champi नाम का जिक्र करना, तूफान की जगह और तकनीकी पहचान को बार-बार दोहराने की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो सकता है.
तूफानों के नाम तय करने के लिए कितने देशों की लिस्ट?
पश्चिमी उत्तरी प्रशांत महासागर और दक्षिण चीन सागर के लिए नामकरण के सिस्टम में कुल 14 सदस्य देश और क्षेत्र शामिल हैं. इनमें कंबोडिया, चीन, उत्तर कोरिया, हांगकांग, जापान, लाओस, मकाऊ, मलेशिया, माइक्रोनेशिया, फिलीपींस, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड, अमेरिका और वियतनाम शामिल हैं.
क्या हर तूफान को नाम दिया जाता है?
नहीं. नामकरण की प्रक्रिया क्षेत्र और तूफान की तीव्रता पर निर्भर करती है. पश्चिमी उत्तरी प्रशांत और दक्षिण चीन सागर में टोक्यो टाइफून सेंटर की सूची के मुताबिक, किसी ट्रॉपिकल चक्रवात को सूची का नाम तब दिया जाता है, जब वह ट्रॉपिकल स्टॉर्म यानी ट्रॉपिकल तूफान के स्तर तक पहुंचता है.
नाम मिलने का मतलब यह नहीं है कि तूफान बेहद खतरनाक हो चुका है. तूफान की ताकत, उसकी गति, संभावित दिशा, बारिश और तटीय इलाकों पर पड़ने वाला असर अलग-अलग मौसम संबंधी मानकों से तय किए जाते हैं. इसलिए केवल नाम के आधार पर उसके खतरे का अनुमान नहीं लगाना चाहिए. विश्व मौसम विज्ञान संगठन के मुताबिक, नामकरण से वॉर्निंग को समझने, तूफानों की पहचान करने, आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पुराने तूफानों के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने में मदद मिलती है.
क्या भारत में भी इसी तरह तूफानों के नाम रखे जाते हैं?
भारत में भी चक्रवातों के नाम रखे जाते हैं, लेकिन भारत एक अलग क्षेत्रीय नामकरण व्यवस्था का हिस्सा है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर सहित उत्तर हिंद महासागर में बनने वाले चक्रवातों के नाम क्षेत्रीय विशेषीकृत मौसम विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली (RSMC) यानी भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की संबंधित भूमिका के तहत दिए जाते हैं. इस क्षेत्र के नामकरण सिस्टम में भारत, बांग्लादेश, ईरान, मालदीव, म्यांमार, ओमान, पाकिस्तान, कतर, सऊदी अरब, श्रीलंका, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन जैसे देशों के सुझाए नाम शामिल हैं.