Top 5 Branch of MBA: आज के समय में MBA यानी मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (Master of Business Administration) सिर्फ एक डिग्री नहीं, बल्कि करियर को नई दिशा देने का एक बेहतरीन तरीका बन गया है. बहुत से छात्र ग्रेजुएशन के बाद MBA करना चाहते हैं, ताकि उन्हें अच्छी नौकरी, बेहतर सैलरी और आगे बढ़ने के ज्यादा मौके मिल सकें. लेकिन एमबीए में एडमिशन लेने से पहले सबसे बड़ा सवाल होता है कि आखिर कौन सी ब्रांच चुनें? दरअसल, MBA में फाइनेंस, मार्केटिंग, बिजनेस एनालिटिक्स, ऑपरेशंस और ह्यूमन रिसोर्स जैसे कई स्पेशलाइजेशन उपलब्ध हैं. इनमें से सही विकल्प चुनने पर आपके करियर को फायदा मिल सकता है. हालांकि, लाखों या करोड़ों रुपये का पैकेज केवल डिग्री से नहीं मिलता. इसके लिए अच्छे कॉलेज, आपकी स्किल्स, एक्सपीरियंस और कंपनी की जरूरतें भी अहम होती हैं.
1. MBA in Finance
अगर आपको पैसों का हिसाब-किताब रखना, आंकड़ों को समझना और इन्वेस्टमेंट से जुड़ी चीजों में दिलचस्पी है, तो एमबीए इन फाइनेंस (MBA in Finance) आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकता है. इस ब्रांच में छात्रों को कंपनी के पैसों का मैनेजमेंट, इन्वेस्टमेंट, बैंकिंग, फाइनेंशियल स्कीम और रिस्क को समझने की जानकारी दी जाती है.
इस स्पेशलाइजेशन के बाद छात्र बैंक, फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन, इन्वेस्टमेंट कंपनियों और बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों में नौकरी पा सकते हैं. इसके अलावा, आपको फाइनेंशियल एनालिस्ट, इन्वेस्टमेंट बैंकिंग प्रोफेशनल, रिस्क मैनेजर और फाइनेंस मैनेजर जैसे पदों पर काम करने का मौका मिल सकता है. इस फील्ड में अच्छी कमाई की संभावना होती है, लेकिन सैलरी आपकी योग्यता, कॉलेज और जॉब प्रोफाइल पर निर्भर करती है.
2. MBA in Business Analytics
आज कंपनियां अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए डेटा का इस्तेमाल कर रही हैं. वे जानना चाहती हैं कि ग्राहक क्या पसंद करते हैं, किस प्रोडक्ट की मांग बढ़ रही है और कारोबार को बेहतर कैसे बनाया जा सकता है. ऐसे में एमबीए इन बिजनेस एनालिटिक्स (MBA in Business Analytics) की मांग बढ़ रही है.
इस कोर्स में छात्रों को डेटा के आधार पर बिजनेस से जुड़े फैसले लेना सिखाया जाता है. इसमें आंकड़ों को समझना, रिपोर्ट तैयार करना और कारोबार की समस्याओं का समाधान निकालना शामिल है. इस ब्रांच से पढ़ाई करने वाले छात्र बिजनेस एनालिस्ट, डेटा एनालिस्ट, कंसल्टेंट और स्ट्रैटेजी से जुड़े पदों पर काम कर सकते हैं. जिन छात्रों को टेक्नोलॉजी, आंकड़ों और बिजनेस में रुचि है, उनके लिए यह अच्छा विकल्प हो सकता है.
3. MBA in Marketing
अगर आपको लोगों से बातचीत करना, नए आइडिया देना और किसी प्रोडक्ट को लोगों तक पहुंचाना पसंद है, तो एमबीए इन मार्केटिंग (MBA in Marketing) आपके लिए उपयोगी हो सकता है. इस ब्रांच में छात्रों को सिखाया जाता है कि किसी कंपनी के प्रोडक्ट या सर्विस को बाजार में कैसे पहचान दिलाई जाए और ग्राहकों को उससे कैसे जोड़ा जाए.
इसमें डिजिटल मार्केटिंग, एडवरटाइजमेंट, ब्रांड मैनेजमेंट, मार्केट रिसर्च और सेल्स जैसी चीजें पढ़ाई जाती हैं. कोर्स पूरा करने के बाद छात्र मार्केटिंग मैनेजर, ब्रांड मैनेजर, डिजिटल मार्केटिंग मैनेजर और सेल्स मैनेजर जैसे पदों पर काम कर सकते हैं. इस फील्ड में कमाई के अच्छे अवसर हैं. खासकर उन लोगों के लिए जो क्रिएटिव सोच रखते हैं और मार्केट के बदलते ट्रेंड को समझते हैं.
4. MBA in Operations
किसी भी कंपनी को सफल बनाने के लिए सिर्फ अच्छा प्रोडक्ट बनाना काफी नहीं है. यह भी जरूरी है कि सामान सही समय पर तैयार हो, ग्राहकों तक पहुंचे और काम में होने वाला खर्च नियंत्रित रहे. एमबीए इन ऑपरेशंस (MBA in Operations) में छात्रों को इसी तरह के कामकाज को बेहतर तरीके से संभालना सिखाया जाता है.
इस ब्रांच में सप्लाई चेन मैनेजमेंट, लॉजिस्टिक्स, प्रोडक्शन प्लानिंग, क्वालिटी कंट्रोल और रिसोर्स के सही इस्तेमाल पर ध्यान दिया जाता है. इस कोर्स के बाद छात्र ऑपरेशंस मैनेजर, सप्लाई चेन मैनेजर, लॉजिस्टिक्स मैनेजर और प्रोडक्शन मैनेजर जैसे पदों पर नौकरी पा सकते हैं. बता दें मैन्युफैक्चरिंग, ई-कॉमर्स, रिटेल और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी कंपनियों में इस फील्ड के प्रोफेशनल्स की जरूरत होती है.
5. MBA in Human Resources
हर कंपनी को ऐसे लोगों की जरूरत होती है, जो कर्मचारियों की भर्ती से लेकर उनकी ट्रेनिंग और काम से जुड़ी समस्याओं को संभाल सकें. एमबीए इन ह्यूमन रिसोर्स (MBA in Human Resources) में छात्रों को कर्मचारियों और कंपनी के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जानकारी दी जाती है.
इस स्पेशलाइजेशन में भर्ती प्रक्रिया, कर्मचारियों की ट्रेनिंग, सैलरी मैनेजमेंट, परफॉर्मेंस का आकलन और कंपनी की पॉलिसी से जुड़ी चीजें पढ़ाई जाती हैं. कोर्स पूरा करने के बाद छात्र HR मैनेजर, टैलेंट एक्विजिशन स्पेशलिस्ट, ट्रेनिंग मैनेजर और HR बिजनेस पार्टनर जैसे पदों पर काम कर सकते हैं. जिन लोगों को बातचीत करना, टीम के साथ काम करना और समस्याओं का समाधान निकालना पसंद है, उनके लिए यह ब्रांच उपयोगी हो सकती है.
MBA की किस ब्रांच में मिलता है सबसे अच्छा पैकेज?
MBA की किसी एक ब्रांच को सबसे ज्यादा सैलरी देने वाली कहना सही नहीं होगा. हालांकि, फाइनेंस और बिजनेस एनालिटिक्स में कुछ खास रोल के लिए बहुत अच्छे पैकेज मिलते हैं. वहीं, मार्केटिंग, ऑपरेशंस और ह्यूमन रिसोर्स में भी एक्सपीरियंस प्रोफेशनल्स अच्छी कमाई कर सकते हैं.
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों और दूसरे अच्छे बिजनेस स्कूलों से पढ़ाई करने वाले छात्रों को बड़ी कंपनियों में नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलते हैं. हालांकि, हर छात्र को लाखों या करोड़ों रुपये का पैकेज मिले, यह जरूरी नहीं है. पैकेज इस बात पर निर्भर करता है कि आपने किस कॉलेज से MBA किया है, आपकी पढ़ाई कैसी रही है, आपके पास कौन सी स्किल्स हैं और आपको किस तरह की नौकरी मिलती है.