Last Updated:
Uttarakhand Aaj Ka Mausam 21 October: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार उत्तराखंड में 21 और 22 अक्टूबर को सभी जिलों में मौसम शुष्क और साफ रहेगा. मसूरी, देहरादून और नैनीताल में खिली धूप से मौसम सुहावना बना हुआ है. हालांकि, 23 से 26 अक्टूबर के बीच उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के 3500 मीटर से ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश, बर्फबारी और बिजली चमकने का पूर्वानुमान है. बाकी जिलों में मौसम साफ रहेगा. जानिए उत्तराखंड वेदर का पूरा ताजा अपडेट…
आज साफ रहेगा आसमान, 23 अक्टूबर से उत्तरकाशी, चमोली समेत 5 जनपदों में बारिश-बर्फबारी
Uttarakhand Aaj Ka Mausam 21 October: चटख धूप खिलने से देवभूमि उत्तराखंड में का मौसम खुशनुमान बना हुआ है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार प्रदेश में आज 21 अक्टूबर और कल 22 अक्टूबर को सभी 13 जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत और उधम सिंह नगर समेत मैदानी व पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप खिली रहेगी. मौसम विज्ञान केंद्र ने इन दो दिनों के लिए किसी प्रकार का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. मैदानी भागों में दिन के समय गुनगुनी धूप से राहत मिलेगी, जबकि सुबह और रात के तापमान में हल्की गिरावट के साथ ठंडक बनी रहेगी.
मसूरी, देहरादून और नैनीताल में खिली चटख धूप, पर्यटकों के चेहरे खिले
पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों चटख धूप खिलने से मौसम बेहद खुशनुमा हो गया है. आसमान साफ रहने की वजह से दूर-दूर तक फैली हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां साफ और चमकदार नजर आ रही हैं. पर्यटक विभिन्न व्यू-पॉइंट्स से इन मनमोहक दृश्यों को निहार रहे हैं और कैमरों में कैद कर रहे हैं. राजधानी देहरादून में भी दिनभर धूप खिलने से अधिकतम तापमान सामान्य रहेगा, जबकि नैनीताल में सुबह-शाम ठिठुरन महसूस होने लगी है. दिन की गुनगुनी धूप स्थानीय लोगों के साथ-साथ घूमने पहुंचे सैलानियों को सुहावना अहसास करा रही है.
उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में तापमान लुढ़कने की संभावना
उत्तरकाशी, जोशीमठ (चमोली) और केदारनाथ घाटी (रुद्रप्रयाग) में 23 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही शुरू हो सकती है. पिथौरागढ़ और बागेश्वर के सीमांत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी होने से आसपास की घाटियों में शीत लहर का प्रभाव बढ़ जाएगा. यदि आप आगामी दिनों में ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों या ट्रैकिंग पर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो गर्म कपड़ों के साथ पूरी तैयारी रखें, क्योंकि आगामी बारिश और बर्फबारी से पारे में खासी गिरावट देखने को मिलेगी.