Last Updated:
दलेर मेहंदी विवाद पर उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी से चला तक नहीं जा रहा था. इसके अलावा उन्होंने यहा कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबियत खराब थी तो पहले बता देना चाहिए था. उन्हें आना नहीं चाहिए था.
दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल का बड़ा बयान.
देहरादूनः पंजाबी सिंगर दलेर मेंहदीं प्रकरण में NEWS 18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कार्यकम में एंकर को बोलने के बावजूद लिप सिंक बंद नहीं की गई. यहां तक पूरा साउंड सिस्टम भी ऑटो मोड में डाल दिया गया. उन्होंने कहा कि इसके बाद उनको मंच पर जाकर बोलना पड़ा कि इससे अच्छा डीजे बजा लिया जाता. उन्होंने कहा कि यदि दलेर मेहंदी की तबीयत ख़राब थी तो उनको आना नहीं चाहिए था. ये उन्हें पहले बता देना चाहिए था. शराब के मामले में मंत्री ने कहा कि मैंने मौके पर मेडिकल तो कराया नहीं. लेकिन वीडियो में साफ़ है कि उन से चला तक नहीं जा रहा था , यहां तक कि वो लिप सिंक तक नहीं कर पा रहे थे.
दलेर मेहंदी के गाने पर दर्शकों ने जताई थी नाराजगी
बता दें कि उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात पंजाबी गायक दलेर मेंहदी की प्रस्तुति के दौरान विवाद हो गया था, जिसके बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आकर नाराजगी जताई थी. नरेंद्रनगर क्षेत्र में ऐतिहासिक सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में रविवार रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मेंहदी प्रस्तुति दे रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनके लाइव गायन और बैकग्राउंड साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें आने लगीं, जिससे दर्शक हंगामा करने लगे.
‘आपसे बोला तो जा नहीं रहा’
हंगामे के बीच स्थानीय विधायक और वन एवं स्वास्थ्य मंत्री उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक से कहा कि इतना पैसा देकर उन्हें मनोरंजन के लिए बुलाया गया है और जनता उन्हें सुनने आई है, इसलिए प्रस्तुति में अपेक्षित गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए. उनियाल ने नवरात्र के धार्मिक आयोजन का जिक्र करते हुए कार्यक्रम की मर्यादा बनाए रखने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा, “आपसे बोला तो जा नहीं रहा, आप गाना क्या गाएंगे.” इस दौरान मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं.