Last Updated:
MP CG Top News Today: मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के हर कोने से ताजा खबरों के लिए News18 से जुड़े रहें. यहां आपको राजनीतिक हलचल, क्राइम, प्राकृतिक आपदाएं, स्थानीय विकास तक हर क्षेत्र की छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी खबरें मिलेंगी.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की टॉप न्यूज.
MP CG News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो दोनों राज्यों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट्स मिलेंगे. इसके अलावा आपको राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और अन्य काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मध्य प्रदेश में आज विजयादशमी पर पूरे राज्य में होगा शस्त्र पूजन, इंदौर में पूजा करेंगे CM मोहन यादव
मध्य प्रदेश में आज विजयादशमी पर पूरे राज्य में शस्त्र पूजन होगा. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव इंदौर में शस्त्र पूजन करेंगे. विजयादशमी पर राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम किए जाएंगे. विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ग्वालियर में शस्त्र पूजन करेंगे. डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा मंदसौर जिले में सरकारी शस्त्र पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे. मंत्री विश्वास सारंग भोपाल में, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल रीवा में, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय धार में, प्रहलाद सिंह पटेल नरसिंहपुर में, राकेश सिंह जबलपुर में, करण सिंह वर्मा सीहोर में और उदय प्रताप सिंह नर्मदापुरम में शस्त्र पूजन करेंगे. 31 जिलों के शस्त्र-पूजन कार्यक्रम में सरकार के मंत्री शामिल होंगे. वहीं 24 जिलों में मंत्रियों के शामिल न होने के कारण कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक शस्त्र पूजन करेंगे.
दिल्ली की तर्ज पर भोपाल में भी कई प्रमुख चौराहों पर धरना प्रदर्शन पर रोक
दिल्ली की तर्ज पर राजधानी भोपाल में भी कई प्रमुख चौराहों पर धरना प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है. भोपाल के रोशनपुरा, पॉलिटेक्निक चौराहा और किलोल पार्क पर धरना-प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है. पुलिस कमिश्नरेट ने धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया. अब रोशनपुरा चौराहे पर हड़ताल, धरना और आंदोलन नहीं होंगे. प्रदर्शन के साथ पुतला दहन कार्यक्रमों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है. शहर के प्रमुख मार्ग पर यातायात बाधित होने के चलते यह फैसला लिया गया. एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवाजाही मिलेगी. राजभवन, एयरपोर्ट और हमीदिया अस्पताल जाने वाले मार्ग की अहमियत को देखते हुए निर्णय लिया गया है. चौराहे पर प्रदर्शन से आम लोगों को होने वाली परेशानी रोकना मकसद है. भोपाल पुलिस का आदेश लागू होते ही रोशनपुरा चौराहा प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित कर दिया गया है. यह आदेश जारी होने की तारीख से आगामी दो महीने तक प्रभावी रहेगा.