Last Updated:
Jodhpur Pachpadra Fourlane Project: जोधपुर से पचपदरा तक के 87 किलोमीटर लंबे नेशनल हाईवे संख्या 25 को 2,130 करोड़ रुपये की लागत से टू-लेन से फोरलेन में बदला जा रहा है. इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में पूरा किया जाएगा और ट्रैफिक सुगम बनाने के लिए भांवू व कल्याणपुर में बायपास बनेंगे. इससे रिफाइनरी कनेक्टिविटी बेहतर होगी, हादसों पर लगाम लगेगी और बाड़मेर का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
NHAI Highway Project: जोधपुर-पचपदरा हाईवे पर 2130 करोड़ का निवेश, फोरलेन सड़क से सफर होगा सुगम
Jodhpur: पचपदरा में निर्माणाधीन रिफाइनरी के चलते क्षेत्र में यातायात और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. इसी कनेक्टिविटी और ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने जोधपुर से पचपदरा (नेशनल हाईवे संख्या 25) के 87 किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग को टू-लेन से फोरलेन में बदलने का बड़ा फैसला लिया है. वर्तमान में यह मार्ग दो लेन का होने के कारण भारी वाहनों के दबाव से अक्सर बाधित रहता है. एनएचएआई ने इस पूरे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के लिए लगभग 2,130 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी आमंत्रित कर दी गई है. 22 अक्टूबर तक टेंडर आमंत्रित किए गए हैं, जिसके बाद एक-डेढ़ महीने में भूमि अधिग्रहण और कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. संभावना है कि दिसंबर 2026 के अंत या जनवरी से इस हाईवे का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा.
एनएचएआई ने इस पूरे निर्माण कार्य को आसान और व्यवस्थित बनाने के लिए इसे दो मुख्य भागों में बांटा है. योजना का पहला भाग जोधपुर से शुरू होकर पताऊ तक रहेगा. यह खंड लगभग 67 किलोमीटर लंबा होगा, जिसके निर्माण पर करीब 1,800 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. प्रोजेक्ट का दूसरा चरण पताऊ से शुरू होकर पचपदरा रिफाइनरी क्षेत्र तक जाएगा, जो लगभग 20 किलोमीटर लंबा होगा और इसके निर्माण पर लगभग 330 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस परियोजना के पूरे होने के बाद रोजाना 8 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही पूरी तरह सुरक्षित और सुगम हो जाएगी, जिससे बाड़मेर तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
भांवू और कल्याणपुर में बनेंगे 20 किलोमीटर के नए बायपास
जोधपुर-पचपदरा हाईवे के चौड़ीकरण के साथ-साथ घनी आबादी और संकरे बाजारों वाले क्षेत्रों को ट्रैफिक जाम से बचाना भी एनएचएआई की मुख्य प्राथमिकता है. वर्तमान में भांवू और कल्याणपुर जैसे प्रमुख कस्बों के बीच से होकर गुजरने के कारण भारी वाहनों से अक्सर दुर्घटनाएं और जाम की स्थिति बनी रहती है. इस समस्या का स्थाई समाधान निकालने के लिए एनएचएआई दोनों कस्बों के बाहर से कुल 20 किलोमीटर लंबे नए बायपास का निर्माण करेगा. इसमें भांवू बायपास की लंबाई 2.16 किलोमीटर होगी, जबकि कल्याणपुर बायपास 2.96 किलोमीटर लंबा बनाया जाएगा. इन बायपासों के बनने से भारी ट्रक और व्यावसायिक वाहन कस्बों के भीतर प्रवेश किए बिना सीधे बाहर से निकल सकेंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों को दुर्घटनाओं और जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी.
हादसों पर लगेगी रोक और डिवाइडर का होगा निर्माण
वर्तमान स्थिति में इस नेशनल हाईवे पर डिवाइडर नहीं होने के कारण यह मार्ग काफी खतरनाक साबित हो रहा है. आए दिन वाहनों के आपस में टकराने, अनियंत्रित होकर पलटने और हादसों में जान-माल का नुकसान होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं. फोरलेन निर्माण के दौरान पूरे हाईवे पर बीच में मजबूत डिवाइडर बनाया जाएगा. इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर रिस्पांसिबल ड्रेनेज, रॉक कटर, सुरक्षात्मक संकेत और लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी. हाईवे के फोरलेन बनने के बाद दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स खत्म होंगे और वाहन चालक बिना किसी रुकावट के तेज रफ्तार और सुरक्षित सफर का आनंद ले सकेंगे.