Last Updated:
हिमाचल प्रदेश के शिमला के संजौली से रामपुर और रिकांगपिओ के बीच 21 अक्तूबर 2026 से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी. यह सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी.
हिमाचल प्रदेश के शिमला के संजौली से रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा का आगाज होने जा रहा है.
शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला के संजौली से रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा का आगाज होने जा रहा है. 21 अक्तूबर, 2026 से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी और ये रामपुर से फिर रिकांगपिओ तक भी उपलब्ध होगी.
सुक्खू सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी. इसमें संजौली से प्रस्थान का समय सुबह 9:55 बजे होगा और रामपुर में पहुंचने का समय 10:30 बजे निर्धारित किया गया है. यह हेलीकॉप्टर उड़ान रामपुर से रिकांगपिओ के लिए प्रातः 10:50 बजे चलेगी और रिकांगपिओ 11:25 बजे पहुंचेगी.
इसी प्रकार रिकांगपिओ से 11:30 बजे रामपुर के लिए चलेगी और दोपहर 12:05 पर रामपुर पहुंचेगी. रामपुर से संजौली के वापसी उड़ान दोपहर 12:10 बजे होगी और दोपहर 12:45 पर संजौली पंहुचेगी.
इस पहल का उद्देश्य हवाई संपर्क को सुदृढ़ करना तथा प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है.
प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद किया था. इस दौरान उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन संबंधी कठिनाइयों को समझते हुए बेहतर संपर्क सुविधा की आवश्यकता महसूस की. स्थानीय लोगों की समस्याओं और परिवहन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने संजौली और रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की थी. मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पवन हंस लिमिटेड ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शिमलादृरामपुर मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है.
प्रवक्ता ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से रामपुर क्षेत्र के लोगों को शिमला पहुंचने के लिए परिवहन का एक वैकल्पिक साधन उपलब्ध होगा और यात्रा संबंधी कठिनाइयों में कमी आएगी. यह पहल दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच को सुगम बनाने और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
शिमला से चंडीगढ़ के लिए भी उड़ानें
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.1 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं.
प्रवक्ता ने बताया कि हेरिटेज एविएशन द्वारा शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला तथा चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ानों का संचालन किया जा रहा है. पवन हंस लिमिटेड द्वारा क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत शिमला (संजौली) और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है.
सरकार हर महीने खर्च कर रही 35 लाख रुपये
इसके अतिरिक्त, राज्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत प्रति सप्ताह 9 अतिरिक्त उड़ानें संचालित की जाती हैं, जिनकी व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) की 100 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है. इन उड़ानों पर राज्य सरकार का व्यय लगभग 35.70 लाख रुपये प्रतिमाह है. इन व्यवस्थाओं के माध्यम से शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह के छह दिन हवाई संपर्क सुनिश्चित किया गया है.