‘ट्रेनिंग नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा की देन है कैप्टन स्मित मच्छर की जांबाजी’
Last Updated:
Mohan Bhagwat Smit Machchhar: कैप्टन स्मित मच्छर ने जो अदम्य साहस दिखाया, उसकी गूंज अब पूरी दुनिया में सुनाई दे रही है. उनकी करिश्माई जांबाजी के बाद पीए मोदी ने जहां उन्हें देश का ‘सच्चा हीरो’ करार दिया, वहीं अब आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने भी नागपुर के विजयादशमी मंच से कैप्टन स्मित के पराक्रम को नमन किया है.
मोहन भागवत ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की.
Mohan Bhagwat Smit Machchhar: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने कैप्टन स्मित मच्छर की तारीफ की. उन्होंने कहा कि उनका यह कदम भारतीय समाज में रचे-बसे मूल्यों और परंपराओं का प्रतीक है. नागपुर में संघ के वार्षिक विजयादशमी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भागवत ने कहा कि कठिन परिस्थिति में कैप्टन स्मित की प्रतिक्रिया किसी विशेष ट्रेनिंग का नतीजा नहीं, बल्कि उनके अंदर मौजूद स्वाभाविक मूल्यों की अभिव्यक्ति थी. उन्होंने कहा, “इसी भाव से प्रेरित होकर कैप्टन स्मित मच्छर ने हाल ही में जो किया, वह स्वाभाविक था. ऐसी स्थिति में क्या करना है, इसकी कोई ट्रेनिंग नहीं थी, उनके अंदर की परंपरा और संस्कार ही परीक्षा की उस घड़ी में सामने आ गए.”
मोहन भागवत ने इसे ही हिंदू स्वभाव बताया. उन्होंने कहा कि यही हिंदू स्वभाव है, जो विविधता की गरिमा और सुरक्षा का पोषण और संरक्षण करता है. यह कार्य राष्ट्रीय एकता और वैश्विक सद्भाव के लिए एक रचनात्मक शक्ति के रूप में काम करता है. संघ प्रमुख ने कहा कि आरएसएस इन मूल्यों को केवल भाषणों में चर्चा करके नहीं, बल्कि व्यावहारिक कार्यों के जरिए स्थापित करना चाहता है. लोग संघ में भाषण सुनने नहीं आते, वे पहले आते हैं और अपने कार्यों के जरिए इस भाव का अभ्यास करते हैं.
बता दें कि कैप्टन स्मित मच्छर दुबई से तेल अवीव जा रहे बोइंग 737 विमान का संचालन कर रहे थे, तभी फ्लाइट के दौरान उनके सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर पर काबू पाने और स्थिति को और बिगड़ने से रोकने में मदद मिली. इस घटना के कारण विमान तेजी से नीचे की ओर आने लगा, जिसके बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने बीच-बचाव किया और स्थिति को नियंत्रण में लाने में मदद की. विमान को बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी. विमान में सवार सभी 174 यात्री सुरक्षित बताए गए.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पायलट की तारीफ करते हुए उन्हें ‘हीरो’ बताया था और उनकी बहादुरी और दृढ़ संकल्प की सराहना की थी. पीएम मोदी ने कहा था कि मच्छर के इस कदम ने कई लोगों की जान बचाई और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया. कैप्टन मच्छर विमानन क्षेत्र में 13 साल से अधिक के अनुभव वाले पायलट हैं. फ्लाईदुबई में शामिल होने से पहले उन्होंने स्पाइसजेट में काम किया था, जहां वे लाइन ट्रेनिंग कैप्टन के रूप में कार्यरत थे. उन्होंने मुख्य रूप से बोइंग 737 विमान पर लगभग 9,750 घंटे की उड़ान भरी है.