Last Updated:
Digvijaya Singh: कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन इससे पहले दिग्विजय ने पत्नी अमृता सिंह के साथ शिवलिंग का पूजन किया. इस दौरान उन्होंने मिट्टी के शिवलिंग बनाए. दिग्विजय ने इस यात्रा को गैर राजनीतिक करार दिया है. उनकी तरफ से कहा गया है कि राम मंदिर में चंदा चोरी को लेकर वह आवाज उठाने वाले हैं.
दिग्विजय सिंह ने यात्रा से पहले की पूजा
Digvijaya Singh: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा मंगलवार को उज्जैन से शुरू हो रही है. यात्रा के शुभारंभ से पहले दिग्विजय सिंह ने धार्मिक अनुष्ठानों के साथ दिन की शुरुआत की. उन्होंने सबसे पहले चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन किए. इसके बाद महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया और हरसिद्धि मंदिर पहुंचकर पत्नी अमृता राय के साथ पूजा-अर्चना की. इस दौरान दिग्विजय सिंह ने मिट्टी के शिवलिंग बनाए हैं और उनका पूजन किया है.
यात्रा के शुभारंभ से पहले हुए धार्मिक अनुष्ठान
मंदिरों में दर्शन-पूजन के बाद दिग्विजय सिंह असंख्य पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में साधु-संत मौजूद हैं. यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शिवलिंगों का निर्माण और पूजन किया जा रहा है. विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए यात्रा के शुभारंभ से पहले धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं.
दिग्विजय को मिला धर्मगुरुओं का साथ
दिग्विजय सिंह की इस यात्रा को शुरू होने से पहले ही कई प्रमुख धर्मगुरुओं का समर्थन मिल चुका है. ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और द्वारका शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने यात्रा को समर्थन दिया है. उन्होंने इस सिलसिले में अपना पत्र जारी किया है और अपनी शुभकामनाएं दी हैं. इसके अलावा अग्निपीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर ब्रह्मर्षि रामकृष्णानंद ने भी यात्रा का समर्थन किया है. अयोध्या के संत और राम मंदिर आंदोलन से जुड़े रहे संतोष दुबे ने भी दिग्विजय सिंह की पहल का समर्थन किया है.
उज्जैन से शुरू होकर अयोध्या तक जाएगी यात्रा
930 किलोमीटर लंबी यह यात्रा विजयादशमी के दिन शिवधाम उज्जैन से शुरू होकर रामधाम अयोध्या तक जाएगी. यात्रा का उद्देश्य धर्म के नाम पर हो रहे अधर्म, मंदिरों में चढ़ावे की चोरी और देवस्थानों की मर्यादा से जुड़े विषयों पर जनजागरण करना, सनातन धर्म के वास्तविक स्वरूप और मूल्यों के प्रति समाज को जागरूक करना है.
दो चरणों में होगी दिग्विजय सिंह की यात्रा
दिग्विजय सिंह की यात्रा दो चरणों में होगी. इसमें दशहरा से दीवाली तक पहला चरण शुरू होगा. यात्रा कुल 930 किलोमीटर की होगी, जिसमें सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शुरू होगी. बताया जा रहा है कि पहला चरण 5 नवंबर को खत्म होगा.