Last Updated:
दिल्ली की ‘अयोध्या की रामलीला’ में एक्टर और सांसद रवि किशन ने भगवान राम का किरदार निभाया है. उन्होंने पहली दफा रामलीला में राम बनने का अनुभव बयां किया. उन्होंने पावन मौके पर युवाओं को खास संदेश दिया और बताया कि कैसे आध्यात्मिकता के जरिये वे डिप्रेशन से उबर सकते हैं. हर बार की तरह इस बार भी कई सितारों ने रामलीला में पौराणिक किरदार निभाए.
भगवान राम के किरदार में रवि किशन लोगों को भाए. (फोटो साभार: X@ravikishann)
नई दिल्ली: देश भर में दशहरा मनाया जा रहा है. लोग रामलीला में रावण दहन के बाद बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न मना रहे हैं. कई सितारों ने रामलीला में दिलचस्प किरदार निभाए. एक्टर और सांसद रवि किशन ने पहली दफा भगवान राम का किरदार निभाया. वे दिल्ली की ‘अयोध्या की रामलीला’ का हिस्सा बने. मशहूर एक्टर ने खास मौके पर युवाओं का मैसेज दिया और जिंदगी में आध्यात्मिकता का महत्व समझाया.
रवि किशन ने भगवान राम की भूमिका निभाने से पहले बताया कि बचपन में उन्होंने भगवान परशुराम, केवट और माता सीता के किरदार भी निभाए थे. इस इवेंट के कई वीडियो ऑनलाइन सामने आए हैं, जिनमें अभिनेता को एक भव्य रथ पर आते और मंच पर अभिनय करते देखा जा सकता है. रवि ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि उन्होंने अपने युवा फैंस को ध्यान में रखते हुए यह भूमिका चुनी है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने कहा, ‘मैं युवाओं से अपील करता हूं कि वे भगवान राम, भगवान कृष्ण और भगवान शिव के बारे में पढ़ें. जब भी आप जीवन में डिप्रेशन या मुश्किलों का सामना करें, तो आध्यात्मिकता आपको उनसे उबरने में मदद करती है. मैं एक साधारण बैकग्राउंड से ताल्लुक रखता हूं . आज दुनिया मुझे सिनेमा और गोरखपुर के सांसद के रूप में जानती है.’
(फोटो साभार: X@ravikishann)
पहली बार निभाया था राम का किरदार
रवि किशन ने आगे कहा, ‘मैं सभी से अपील करता हूं कि वे रोजाना कम से कम आधा घंटा ध्यान के लिए निकालें. आध्यात्मिकता, सनातन परंपराएं, संस्कृति और धर्म हमें मुश्किलों से लड़ने की ताकत देते हैं. आज भगवान राम की कृपा से मैं पहली बार रामलीला में उनका किरदार निभा रहा हूं. बचपन में मैंने परशुराम, केवट और माता सीता की भूमिकाएं निभाई थीं. मुझे उम्मीद है कि भगवान के आशीर्वाद से मैं इस भूमिका के साथ पूरा न्याय कर पाऊंगा.’
गौरव खन्ना ने भी निभाया राम का किरदार
टीवी अभिनेता गौरव खन्ना ने भी आगरा के ‘जनकपुरी महोत्सव 2026’ में भगवान राम की भूमिका निभाकर फैंस का दिल जीता था. वहीं, टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने दिल्ली की रामलीला में माता सीता का किरदार निभाकर सबको चौंका दिया था. अभिनेता और राजनेता रवि किशन को आखिरी बार फिल्म ‘मिर्जापुर: द फिल्म’ में देखा गया था. गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार और अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में थे. अब वे ‘खोसला का घोसला 2’ में नजर आएंगे. फिल्म 2006 की फिल्म का सीक्वल है. इसमें अनुपम खेर, बोमन ईरानी, किरण जुनेजा, विनय पाठक और रणवीर शौरी भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म 5 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.