जन्मदिन पर मां ने बंदूक किया गिफ्ट, बेटे ने स्कूल में कर दी 4 लोगों की हत्या
Last Updated:
अमेरिका के ओरेगन राज्य के बेंड शहर में 16 साल के ग्रिफिन जे. जॉन II ने सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गोलीबारी कर तीन बच्चों और एक टीचर की हत्या कर दी. रिपोर्ट के मुताबिक, इस्तेमाल की गई शॉटगन उसकी मां शॉन्टाई निकर्सन ने अगस्त 2026 में कानूनी रूप से खरीदी थी और कथित तौर पर जन्मदिन पर बेटे को दी थी. एक राहगीर ने आरोपी को गोली मारकर रोक दिया.
अमेरिका के स्कूल में हुई शूटिंग.
अमेरिका के ओरेगन राज्य में एक स्कूल के अंदर हुई गोलीबारी ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पिछले हफ्ते बेंड शहर के सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में 16 साल के ग्रिफिन जे. जॉन II ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें तीन बच्चों और एक टीचर की मौत हो गई. अब सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल हुई बंदूक उसकी मां ने कानूनी रूप से खरीदी थी और कथित तौर पर जन्मदिन के तोहफे के रूप में उसे दी थी. CBS News ने सूत्रों के हवाले से बताया कि आरोपी की मां शॉन्टाई निकर्सन ने अगस्त 2026 में Maverick 88 पंप-एक्शन 12-गेज शॉटगन खरीदी थी. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने यह बंदूक बेटे को मनोरंजन के लिए इस्तेमाल करने के मकसद से दी थी. हालांकि, जांच एजेंसियां अब भी यह पता लगाने में जुटी हैं कि किशोर ने हमला क्यों किया और उसे हथियार तक पहुंच कैसे मिली.
स्कूल में घुसते ही बरसाईं गोलियां
यह घटना पिछले गुरुवार को हुई थी. पुलिस के मुताबिक, जॉन II ने स्कूल पहुंचने से पहले सड़क से गुजर रहे एक पिकअप ट्रक पर गोली चलाई. ट्रक के ड्राइवर ने ही सबसे पहले 911 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद किशोर ने स्कूल के बंद कांच वाले दरवाजों पर गोली चलाई और अंदर घुस गया. वह दरवाजे के बाईं ओर मौजूद पहली क्लास में पहुंचा और वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चला दीं. पुलिस के अनुसार, गोलीबारी के समय क्लास में चार वयस्क और पांच बच्चे, यानी कुल नौ लोग मौजूद थे.
इस हमले में 5 साल के रोआम समर समेत तीन बच्चों की मौत हो गई. मारे गए अन्य दो बच्चों की उम्र 8 और 11 साल थी. वहीं, 25 साल की टीचर मेगन लैम्बर्ट ने भी जान गंवा दी. पुलिस के मुताबिक, हमले में 7 साल की एक बच्ची और 54 साल की एक टीचर घायल हुई थीं.
राहगीर ने आरोपी को गोली मारकर रोका
गोलीबारी के दौरान 36 साल के कायलुब जियामैंको ने आरोपी को रोकने के लिए उसका पीछा किया. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने पहले पिकअप ट्रक पर हुई गोलीबारी देखी और फिर किशोर के पीछे स्कूल के अंदर पहुंच गए. बताया गया है कि उस समय एक टीचर आरोपी से बंदूक छीनने के लिए संघर्ष कर रही थीं. इसी दौरान दो छात्राओं के पिता जियामैंको क्लास में पहुंचे और उन्होंने किशोर को गोली मार दी. इस गोलीबारी में आरोपी की मौत हो गई. जियामैंको बेंड में रहते हैं और उनकी दो बेटियां सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में पढ़ती हैं. उनके हस्तक्षेप के बाद आरोपी को रोका जा सका.