‘आतंकियों को पनाह और..’ राजनाथ ने पाक विदेश मंत्री के सामने ही सुना दी खरी-खरी
Last Updated:
Rajnath Singh SCO Summit: राजनाथ सिंह ने साफ कहा कि आतंकवाद को किसी भी सूरत में सही नहीं ठहराया जा सकता. इससे निपटने में किसी तरह का दोहरा रवैया नहीं होना चाहिए. उन्होंने आतंकवादियों को वित्तीय मदद देने वालों, उनका समर्थन करने वालों और उन्हें सुरक्षित पनाह देने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जरूरत बताई.
राजनाथ सिंह ने आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान पर हमला बोला. (फाइल फोटो)
Rajnath Singh SCO Summit: ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के मंच से भारत ने आतंकवाद को लेकर वैश्विक समुदाय के सामने दो टूक रुख साफ कर दिया है. सदस्य देशों के शासनाध्यक्षों की परिषद की उच्चस्तरीय बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के मुद्दे पर बेहद कड़ा संदेश दिया. इस दौरान खास बात यह रही कि आतंकवाद को खाद-पानी देने के आरोपों से घिरे पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार भी सीधे तौर पर वहां मौजूद थे.
राजनाथ सिंह ने मंच से साफ शब्दों में कहा कि आतंकवाद केवल निर्दोषों का खून ही नहीं बहाता, बल्कि यह किसी भी मुल्क के विकास, निवेश और व्यापारिक संभावनाओं की रीढ़ तोड़ देता है. रक्षा मंत्री ने जोर दिया कि आतंकवाद समाज में कट्टरता का जहर घोलकर युवा पीढ़ी को उनके बुनियादी अवसरों और सुनहरे भविष्य से महरूम कर देता है.
उन्होंने वैश्विक समुदाय को आगाह करते हुए कहा कि आतंक के खिलाफ जंग में किसी भी तरह का दोहरा रवैया बर्दाश्त नहीं किया जा सकता; आतंकवाद को किसी भी तर्क से जायज नहीं ठहराया जा सकता। राजनाथ सिंह ने दो टूक मांग उठाई कि सिर्फ बंदूक उठाने वालों पर ही नहीं, बल्कि दहशतगर्दों को सुरक्षित पनाहगाह देने, फंडिंग मुहैया कराने और उनका समर्थन करने वाले देशों व तंत्र पर भी कड़ा प्रहार होना चाहिए।
राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद के पूरे तंत्र को मजबूती और सामूहिक प्रयासों के जरिए खत्म करना होगा. पाकिस्तान के विदेश मंत्री की मौजूदगी में राजनाथ सिंह का यह बयान अहम है, क्योंकि भारत लगातार आतंकवाद को समर्थन देने, आतंकियों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने और आतंकवाद के खिलाफ बिना भेदभाव कार्रवाई करने का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठाता रहा है.