Last Updated:
Uttarakhand Aaj Ka Mausam 20 October: उत्तराखंड में दिन में तेज धूप के बीच अब सुबह और शाम को ठंड का एहसास बढ़ने लगा है. इस बीच मौसम विभाग ने 25 अक्टूबर तक प्रदेश के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 अक्टूबर तक सभी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 23 अक्टूबर से उत्तराखंड के कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है. उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है. वहीं, मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. जानिए, अगले कुछ दिनों में किन जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं और प्रदेश में मौसम कैसा बना रहेगा.
Uttarakhand Aaj Ka Mausam 20 October: उत्तराखंड में बारिश थमने के बाद अब सुबह और शाम के वक्त ठंड का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि दिन में तेज धूप निकलने से मौसम सुहाना बना हुआ है. पहाड़ से लेकर मैदान तक दिन में धूप के कारण गर्मी महसूस हो रही है, लेकिन न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट से सुबह-शाम ठंड बढ़ रही है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, 22 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 23 अक्टूबर से कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है.
वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है. हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पर्वतीय क्षेत्रों में बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके चलते पहाड़ी इलाकों में बादल छाने और मौसम बदलने की संभावना है.
23 अक्टूबर से पहाड़ों में करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 अक्टूबर तक उत्तराखंड के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान प्रदेश में बारिश के आसार नहीं हैं. हालांकि, 23 अक्टूबर से कुछ पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है. 23 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी हो सकती है. कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं. प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.
24-25 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश के आसार
24 और 25 अक्टूबर को उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में मौसम बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है. 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार हैं. वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है.