Last Updated:
Sri Ganganagar Drug Smuggling Case: श्रीगंगानगर के रावला 365 हैड और हनुमानगढ़ के गोलूवाला में पुलिस व एजेंसियों ने पाकिस्तानी ड्रोन से गिराई गई 70 करोड़ रुपये मूल्य की कुल 13.8 किलो हेरोइन जब्त की. रावला में 4 किलो हेरोइन (20 करोड़) के साथ 2 तस्कर पकड़े गए, जबकि गोलूवाला में 9.8 किलो हेरोइन (50 करोड़) के साथ दो महिलाओं सहित 4 आरोपी गिरफ्तार हुए. तस्कर रायसिंहनगर से यह खेप उठाकर पंजाब ले जा रहे थे. 5 दिन पहले भी रावला क्षेत्र में RDX और विदेशी हथियार बरामद हुए थे.
Sri Ganganagar Drug Bust: रावला और गोलूवाला में 70 करोड़ की हेरोइन जब्त
Sri Ganganagar: राजस्थान के भारत-पाकिस्तान सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने नशा तस्करों व देश विरोधी तत्वों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. पाकिस्तान द्वारा सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में हेरोइन (ड्रग्स) और भारी मात्रा में आरडीएक्स (RDX) व घातक हथियार गिराने की कोशिशों को राजस्थान पुलिस, सीआईडी (CID) जोन और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है.
पहला मामला श्रीगंगानगर जिले के रावला मंडी थाना क्षेत्र का है. यहां 365 हैड एरिया में पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से नाकेबंदी और तलाशी अभियान के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को दबोच लिया. तस्करों के कब्जे से 4 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पकड़ा गया एक तस्कर पूर्व में भी श्रीगंगानगर पुलिस का वांछित (Wanted) अपराधी था. पुलिस यह जांच कर रही है कि ड्रोन द्वारा गिराई गई इस खेप को वे कहां सप्लाई करने वाले थे.
गोलूवाला (हनुमानगढ़) में 50 करोड़ की 9.8 किलो हेरोइन जब्त
राजस्थान पुलिस की सीआईडी जोन श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले की गोलूवाला पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव अयालकी के पास नहर किनारे दो संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी कर बड़ी सफलता हासिल की. पुलिस ने यहां वाहनों से 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये है. इसके साथ ही तस्करों से 1.85 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की गई है. जांच में सामने आया कि यह खेप रायसिंहनगर बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन द्वारा गिराई गई थी, जिसे तस्कर पंजाब ले जाने की फिराक में थे.
दो महिलाओं सहित चार तस्कर गिरफ्तार
गोलूवाला में हुई इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में हसन अली (32 वर्ष), उसकी पत्नी रवीना (20 वर्ष), उसकी माता गुलजारा (50 वर्ष) तीनों निवासी वार्ड नंबर 6, हांसलिया तथा चौथा आरोपी बलविंदर सिंह (निवासी जालंधर, पंजाब) शामिल हैं. श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर और हनुमानगढ़ एसपी बी. आदित्य के अनुसार तस्करों का यह नेटवर्क रायसिंहनगर से खेप उठाकर गोलूवाला और हनुमानगढ़ के रास्ते पंजाब तक पहुंचाने की फिराक में था.
5 दिन पहले रावला में मिला था RDX और हथियारों का जखीरा
राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में पाकिस्तानी ड्रोन की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं. इससे ठीक 5 दिन पहले 13 अक्टूबर को भी रावला क्षेत्र में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन से तीन पैकेट गिराए गए थे. जिन्हें उठाने पहुंचे पंजाब के दो संदिग्ध युवकों को बीएसएफ (BSF) और एएनटीएफ (ANTF) ने दबोच लिया था. उनके पास से 7.75 किलो आरडीएक्स (RDX), 867 कारतूस, दो विदेशी पिस्टल, चार मैगजीन, पांच बैटरी, एक रिमोट और दो कैपलर बरामद किए गए थे. सुरक्षा एजेंसियां अब इन सभी मामलों के तार जोड़कर अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी हैं.