Last Updated:
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में आतंकियों के खिलाफ अभियान के दौरान IED ब्लास्ट में 34 वर्षीय मेजर वजाहात वहीद की मौत हो गई. यह घटना ग्वादर जिले के पसनी स्थित शादिकौर इलाके में हुई. वहीं, कलात जिले के जट्टकाबाद में सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को मार गिराया और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया.
पाकिसतान की सेना का मेजर आईडी धमाके में मारा गया.
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में सेना का 34 साल का मेजर वजाहात वहीद मारा गया. रविवार को ग्वादर जिले के पसनी इलाके में पाकिस्तानी सेना तलाशी अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर मेजर की जान चली गई. वहीं, एक दूसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को मार गिराया और बड़ी मात्रा में हथियार व गोला-बारूद बरामद किया. पाकिस्तानी सेना ने सोमवार को इसकी जानकारी दी. सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) के मुताबिक, आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद रविवार को ग्वादर के शादिकौर इलाके और कलात जिले के जट्टकाबाद में अभियान चलाए गए थे. इन अभियानों का मकसद इलाके में मौजूद आतंकियों का पता लगाना और उन्हें खत्म करना था.
ऑपरेशन में 4 बलूच विद्रोही मारे गए
पाकिस्तानी सेना के मुताबिक, कलात जिले के जट्टकाबाद में चलाए गए अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने चार बलूच विद्रोहियों को मार गिराया. मौके से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया है. वहीं, ग्वादर जिले के पसनी स्थित शादिकौर इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया. इस ऑपरेश का नेतृत्व कर रहे मेजर वजाहात वहीद की IED धमाके में मौत हो गई. सेना ने कहा कि इलाके में अन्य आतंकियों की तलाश के लिए अभियान जारी रहेंगे.
शहबाज शरीफ ने जताया दुख
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने चार विद्रोहियों को मार गिराने के लिए सुरक्षा बलों की तारीफ की. साथ ही, मेजर वजाहात वहीद की मौत पर दुख जताया. शरीफ ने कहा कि मेजर वजाहात वहीद ने देश की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान की है और पूरा देश अपने इस बहादुर बेटे पर गर्व करता है. प्रधानमंत्री ने अधिकारी के परिवार के प्रति संवेदना भी जताई.
एक दिन पहले भी मारे गए थे आठ विद्रोही
बलूचिस्तान में हाल के वर्षों में बलूच विद्रोहियों की गतिविधियां बढ़ी हैं. सुरक्षा बल लगातार अभियान चलाकर हिंसा पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं. इससे एक दिन पहले क्वेटा, नुश्की और खुजदार जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने आठ आतंकियों को मार गिराया था.