Last Updated:
इंदौर में लोकायुक्त की जांच में प्रधान आरक्षक फिरोज खान की 46 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है. फिरोज खान, उनकी पत्नी हिना खान और सहयोगियों के नाम दर्ज इन संपत्तियों की वर्तमान बाजार कीमत करीब 64 करोड़ रुपए आंकी गई है. आय से अधिक संपत्ति मामले में 14 अक्टूबर से लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है.
आरोपी हेड कांस्टेबल फिरोज खान.
रिपोर्ट: मिथिलेश गुप्ता
इंदौर में लोकायुक्त की टीम ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रधान आरक्षक फिरोज खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. लोकायुक्त की जांच में प्रधान आरक्षक की 46 अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है.
14 अक्टूबर से जारी है लोकायुक्त की कार्रवाई
लोकायुक्त पुलिस ने 14 अक्टूबर को फिरोज खान के ठिकानों पर सर्च कार्रवाई शुरू की थी. इसके बाद से जारी जांच के दौरान 19 अक्टूबर तक कई महत्वपूर्ण चल और अचल संपत्तियों की जानकारी सामने आई है. लोकायुक्त की टीम अब तक मिली सभी संपत्तियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है.
पत्नी और सहयोगियों के नाम पर खरीदी संपत्तियां
जांच में सामने आया कि फिरोज खान ने ये संपत्तियां खुद के अलावा अपनी पत्नी और सहयोगियों के नाम पर खरीदी हैं. इसके लिए स्पार्कवेव रियलिटी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड नाम की फर्म का इस्तेमाल किया गया. इस कंपनी में फिरोज खान की पत्नी हिना खान और युवराज पंवार के संयुक्त नाम दर्ज पाए गए हैं.
18.79 करोड़ रुपए खर्च
लोकायुक्त की जांच के अनुसार, फिरोज खान ने इन चल-अचल संपत्तियों की खरीदी पर अब तक कुल 18.79 करोड़ रुपए खर्च किए हैं. इन संपत्तियों की शासकीय गाइडलाइन कीमत 17.19 करोड़ रुपए दर्ज है. हालांकि, वर्तमान में इन संपत्तियों की वास्तविक बाजार कीमत करीब 64 करोड़ रुपए आंकी गई है.
लसूड़िया मोरी और रंगवासा में बड़े पैमाने पर जमीनें
जांच में फिरोज खान द्वारा बड़े पैमाने पर कृषि जमीनों की खरीदी की जानकारी भी मिली है. लसूड़िया मोरी क्षेत्र में 11.77 हेक्टेयर कृषि भूमि खरीदी गई है, जिसकी शासकीय गाइडलाइन कीमत 3.85 करोड़ रुपए बताई गई है. साथ ही ग्राम रंगवासा में भी कई कृषि भूमियों की खरीदी का खुलासा हुआ है. आय से अधिक संपत्ति के इस पूरे मामले में लोकायुक्त की जांच लगातार जारी है.