Dahi Tikhari Recipe | Dahi Tikhari Recipe Quick Spicy Curd Dish Details | Dahi Tikhari kaise banaye

Dahi Tikhari Recipe | Dahi Tikhari Recipe Quick Spicy Curd Dish Details | Dahi Tikhari kaise banaye


Last Updated:

Dahi Tikhari Recipe: धौलपुर की गृहणी प्रभा शर्मा के अनुसार घर में सब्जी न होने पर बची हुई दही से झटपट चटपटी दही तीखारी बनाई जा सकती है. इसमें भुने व कुटे हुए लहसुन, लाल मिर्च, धनिया, हल्दी और गरम मसाले का तड़का लगाया जाता है. कड़ाही में मसाले भूनने के बाद गैस बंद करके फेंटा हुआ दही मिलाया जाता है. यह डिश रोटी, पराठे और चावल के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती है. कम समय और बिना किसी बाहरी सामग्री के बनने वाली यह डिश रोज के खाने का बेहतरीन विकल्प है.

ख़बरें फटाफट

धौलपुर. अगर घर में कोई सब्जी नहीं है और कुछ चटपटा खाने का मन हो रहा है, तो बची हुई दही से स्वादिष्ट ‘दही तीखारी’ बनाई जा सकती है. इसे बनाने में बिल्कुल भी ज्यादा समय नहीं लगता. दही, लहसुन और घर में मौजूद साधारण मसालों से तैयार होने वाली यह डिश रोटी, पराठे और गर्म चावल के साथ खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है. खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बाजार से कोई भी खास सामग्री लाने की जरूरत नहीं पड़ती है. जब भी घर में सब्जी खत्म हो जाए और परिवार के सदस्यों का कुछ तीखा व चटपटा खाने का मन करे, तो दही तीखारी सबसे बेहतरीन विकल्प है.

गृहणी प्रभा शर्मा बताती हैं कि दही तीखारी बनाना बेहद आसान है. इसमें लहसुन का खास स्वाद और देसी मसालों का तड़का इसे बहुत लाजवाब बना देता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले लहसुन की गांठों को मध्यम आंच पर हल्का गर्म कर लें, जिससे लहसुन छीलने में काफी आसानी होती है. इसके बाद लहसुन की 20 से 25 कलियां छील लें. अब सिलबट्टे पर लहसुन डालें और उसमें एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, थोड़ा हल्दी पाउडर, जीरा और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इन सभी चीजों को अच्छी तरह कूट लें, ताकि लहसुन और मसालों का एक बारीक व स्वादिष्ट मिश्रण तैयार हो जाए. इसके बाद एक कटोरी दही लेकर उसे अच्छी तरह फेंट लें.

दही तीखारी बनाने की आसान विधि
अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें थोड़ा सरसों का तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरे का तड़का लगाएं और फिर इसमें कुटा हुआ लहसुन व मसालों का मिश्रण डाल दें. अब इसमें थोड़ा और लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और आवश्यकतानुसार नमक मिलाकर करीब पांच मिनट तक अच्छी तरह भूनें. जब मसाले पूरी तरह पक जाएं, तो गैस बंद कर दें. इसके बाद तैयार पके हुए मसाले में फेंटी हुई दही डालें और लगातार चम्मच से चलाते रहें. दही को तब तक चलाते रहना है, जब तक कि तेल ऊपर न तैरने लगे और सभी सामग्री अच्छी तरह आपस में मिल न जाए. इस तरह आपकी चटपटी दही तीखारी बनकर तैयार हो जाएगी.

हर रोज के खाने में लाएं नया स्वाद
गृहणी प्रभा शर्मा के अनुसार, दही तीखारी को गर्म रोटी, पराठे या उबले हुए चावल के साथ परोसा जा सकता है. लहसुन और देसी मसालों के संयोजन के कारण इसका स्वाद तीखा, खट्टा और चटपटा होता है. कम सामग्री और बेहद कम समय में बनने वाली यह डिश रोजमर्रा के रूटीन खाने में बदलाव लाने का एक बहुत ही आसान और बेहतरीन तरीका है. घर में सब्जी न होने पर या अचानक मेहमानों के आ जाने पर आप इसे झटपट बनाकर परोस सकते हैं.



Source link