Akash Anand Political Journey | Mayawati and Akash Anand

Akash Anand Political Journey | Mayawati and Akash Anand


Mayawati UP Politics: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद पर एक बार फिर बड़ा दांव खेला है. 2027यूपी में उनकी अपनी साख बचाने और अपने खोए वोटर्स के विश्वास पाने की जंग होगी. दरअसल, उनकी पार्टी यूपी में अपनी साख बचाने के लिए चुनाव में उतरेगी. क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी केवल एक सीट रसड़ा, बलिया से जीत पाई थी. इस सीट के विधायक के निधन के बाद ये भी खाली हो गया है. कुल मिलाकर यूपी में बसपा का कोई भी विधायक नहीं है. ऐसे समय में जब पार्टी साख की लड़ाई लड़ रही हो और मायावती ने दूसरे कतारा के कद्दावर को छोड़कर तीसरी बार अपने भतीजे आकाश आनंद पर ही भरोसा दिखाया है. तो 2027 का चुनाव न केवल बसपा बल्कि खुद आकाश आनंद के लिए भी अग्निपरीक्षा होगी.

राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो कि लगातार चुनावी चुनौतियों और वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने के बीच मायावती के सामने ऐसे चेहरे का संकट है, जिस पर वह भरोसा कर सकें, जिसे संगठन की जिम्मेदारी सौंपें. बसपा को अपने पारंपरिक वोट बैंक के साथ युवाओं को जोड़ने की चुनौती का भी सामना करना पड़ रहा है. बदलती राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए पार्टी को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो नई पीढ़ी के मुद्दों को उठाने के साथ संगठन को भी सक्रिय कर सके. ऐसे में आकाश आनंद की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है.

मायावती के भरोसा पर खरे उतर पाएंगे आकाश आनंद? (फोटो-पीटीआई)

क्या मायावती के पास कोई विकल्प नहीं है?

हालांकि, उनकी वापसी के पीछे युवाओं को साधने की रणनीति कितनी अहम है और भरोसेमंद नेतृत्व के विकल्पों की कमी कितनी बड़ी वजह है, इस पर राजनीतिक विश्लेषकों की अपनी-अपनी राय है. वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक रतनमणि लाल के मुताबिक, आकाश आनंद को दोबारा आगे लाने के पीछे बसपा में युवा नेतृत्व के सीमित विकल्प भी एक महत्वपूर्ण कारण हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि आजाद समाज पार्टी में युवा नेताओं की अच्छी-खासी मौजूदगी है और उसके प्रमुख चंद्रशेखर खुद युवा हैं. इसी तरह समाजवादी पार्टी भी युवाओं को आगे रखने की कोशिश कर रही है. ऐसे में बसपा के सामने भी युवा नेतृत्व को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करने की चुनौती है.

लगातार प्रयोग कर रही हैं मायावती

रतनमणि लाल का मानना है कि मायावती पिछले कुछ वर्षों में आकाश आनंद को लेकर कई तरह के प्रयोग कर चुकी हैं. उन्हें जिम्मेदारी देना, फिर हटाना और दोबारा आगे लाना इसी प्रक्रिया का हिस्सा रहा है. इस दौरान मायावती ने आकाश के विकल्प के तौर पर किसी दूसरे युवा चेहरे को सामने लाने की भी कोशिश की, लेकिन बसपा में ऐसा कोई चेहरा उभरकर नहीं आया, जिसे व्यापक स्तर पर पार्टी के प्रतिनिधि के रूप में स्थापित किया जा सके. उन्होंने कहा कि बसपा में पहले दूसरी पंक्ति के कई ऐसे नेता हुआ करते थे, जो मायावती के भरोसेमंद माने जाते थे, लेकिन अब उनमें से कई पार्टी से दूर हो चुके हैं.

भरोसेमंद विकल्प की कमी

मौजूदा स्थिति में मायावती के सामने नेतृत्व से जुड़ा सबसे बड़ा सवाल भरोसे का है. उन्हें ऐसे व्यक्ति की जरूरत है, जिस पर वह संगठन की जिम्मेदारी के लिए विश्वास कर सकें. रतनमणि लाल के अनुसार, आकाश आनंद का युवा होना उनके पक्ष में एक अतिरिक्त फायदा है, लेकिन उनकी वापसी का मूल कारण भरोसेमंद विकल्प की कमी भी हो सकता है. उनका मानना है कि यदि मायावती को पिछले तीन-चार वर्षों में कोई दूसरा उपयुक्त चेहरा मिल गया होता, तो उसे भी जिम्मेदारी दी जा सकती थी. आकाश को पहले किन आरोपों के आधार पर पार्टी से हटाया गया था, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.

आकाश से लिया वादा, नहीं दोहराएंगे गलतियां

हालांकि, रतनमणि लाल का मानना है कि वापसी से पहले आकाश से भविष्य में ऐसी गलतियां नहीं दोहराने का आश्वासन लिया गया होगा. उनके मुताबिक, मायावती जानती हैं कि आकाश को दोबारा मौका देने के बाद उनके पास नेतृत्व के विकल्प सीमित हैं, इसलिए उनके लिए इस जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना जरूरी होगा. वहीं, वरिष्ठ राजनीतिक विश्लेषक राजेंद्र कुमार का कहना है कि लगातार चुनावी हार और पार्टी के बड़े नेताओं के अलग होने से बसपा में भरोसे का संकट पैदा हुआ है. एक के बाद एक वरिष्ठ नेताओं के पार्टी छोड़ने से संगठन कमजोर हुआ है और मायावती के बाद दूसरी पंक्ति में ऐसा कोई व्यापक रूप से पहचाना जाने वाला चेहरा नहीं बचा है, जिस पर वह नेतृत्व की जिम्मेदारी के लिए भरोसा कर सकें.

आकाश पिछली गलतियां दोहराएंगे

आकाश क्यों जरूरी हो गए?

राजेंद्र कुमार के मुताबिक, ऐसे हालात में आकाश आनंद को आगे लाना पार्टी के लिए जरूरी हो गया है, ताकि नेतृत्व का विकल्प बना रहे. चुनाव के दौरान किसी प्रमुख चेहरे को बाहर रखना और फिर नेतृत्व में बदलाव करना संगठन के लिए अनिश्चितता बढ़ा सकता है. मायावती इस चुनौती को समझ रही हैं और इसी वजह से आकाश को वापस लाकर उन्हें पार्टी के कामकाज और चुनाव प्रचार में सक्रिय किया गया है.

पार्टी और बहुजन कार्यों पर फोकस करेंगे आनंद

इस बीच, मायावती ने कहा है कि आकाश आनंद अब पार्टी और बहुजन आंदोलन के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में पूरी मेहनत और तेजी से जुट गए हैं. उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को आकाश से काफी अपेक्षाएं हैं. इसी क्रम में आकाश आनंद आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में आयोजित पार्टी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. मायावती के अनुसार, आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बसपा की जनसभाओं को संबोधित करेंगे.



Source link