48 करोड़ की लागत से बनेगी सागर की ये सड़क, 3 नेशनल हाईवे से रहेगी कनेक्ट, 20 गांवों को होगा फायदा

48 करोड़ की लागत से बनेगी सागर की ये सड़क, 3 नेशनल हाईवे से रहेगी कनेक्ट, 20 गांवों को होगा फायदा


Last Updated:

Sagar News: सागर जिले में लोक निर्माण विभाग 81 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों को चौड़ा कर जिला मार्ग घोषित करने जा रहा है. इससे 20 से अधिक गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. 48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला जरुआखेड़ा-जालंधर-राहतगढ़ मार्ग 3 प्रमुख नेशनल हाईवे से जुड़कर क्षेत्र का विकास तेज करेगा.

सागर: जिले में ग्रामीण सड़कों का कायाकल्प होने जा रहा है. लोक निर्माण विभाग बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र की सिंगल पटरी सड़कों को गुणवत्तापूर्ण और चौड़ा बना रहा है. इसके तहत हाल ही में 81 किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़कों का चयन किया गया है. इन सड़कों की चौड़ाई 9 मीटर से अधिक की जाएगी. साथ ही इन्हें जिला मार्ग घोषित करने का नोटिफिकेशन भी जारी किया जाएगा.

जिला मार्ग बनने के फायदे
किसी सड़क को नया जिला मार्ग घोषित करने से केवल उसका नाम नहीं बदलता. इससे सड़क के विकास और रखरखाव की प्राथमिकता तय हो जाती है. जिला मार्ग बनने से सड़क की मरम्मत, नवीनीकरण, पुलिया और नाली निर्माण जैसे कार्य विभाग की नियमित योजना में आ जाते हैं. इसके रखरखाव और मेंटेनेंस की सरकारी जिम्मेदारी तय हो जाएगी.

48 करोड़ की लागत से बनेगा जरुआखेड़ा-जालंधर-राहतगढ़ मार्ग
चुनी गई सड़कों में जरुआखेड़ा-जालंधर-राहतगढ़ मार्ग सबसे प्रमुख है। इस मार्ग की लंबाई लगभग 25.65 किलोमीटर है. इस सड़क निर्माण के लिए 48 करोड़ रुपये की डीपीआर (DPR) तैयार की गई है. इस डीपीआर को अंतिम मंजूरी के लिए भोपाल भेजा गया है, ताकि इसे जल्द बजट में शामिल किया जा सके.

20 से अधिक गांवों को मिलेगी मजबूत कनेक्टिविटी
जरुआखेड़ा-जालंधर-राहतगढ़ मार्ग लगभग 8 गांवों की सीमा से होकर गुजरेगा. इसके अलावा इन गांवों से लगे हुए 10 से 12 अतिरिक्त गांव भी मुख्य सड़क से जुड़ जाएंगे. इस तरह 25 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण होने से 20 से अधिक गांवों की सड़क कनेक्टिविटी बेहद मजबूत हो जाएगी.

3 नेशनल हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी
यह सड़क कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद खास है. यह जरुआखेड़ा में टू-लेन नेशनल हाईवे 934 से शुरू होकर कई गांवों से गुजरेगी. इसके बाद राहतगढ़ में नेशनल हाईवे 146 (सागर-भोपाल हाईवे) को कनेक्ट करेगी. इसके अलावा इसका एक हिस्सा सागर-कानपुर नेशनल हाईवे से भी जोड़ा जा रहा है. इस प्रकार यह सड़क जिला मुख्यालय तक पहुंच आसान करेगी और तीन-तीन नेशनल हाईवे से कनेक्टिविटी बढ़ाएगी.

ग्रामीणों के जीवन और अर्थव्यवस्था में सुधार
इस विकास कार्य से गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. पढ़ाई करने वाले बच्चे अच्छे स्कूल या कॉलेज आसानी से पहुंच सकेंगे. किसान अपने अनाज को सीधे मंडी तक ले जा सकेंगे. स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी ग्रामीणों की शहर तक पहुंच आसान होगी. इसके अलावा सड़क किनारे चाय-पान की दुकानें या ढाबे खुलेंगे और क्षेत्र में जमीन के दाम भी बढ़ेंगे. वर्तमान में सागर जिले में 42 से अधिक जिला मार्ग हैं, जिनकी कुल लंबाई 764 किलोमीटर है.



Source link