Last Updated:
टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद सुपरस्टार सलमान खान को लेकर खतरा एक बार फिर गहरा गया है. हाल ही में सामने आए एक नए ऑडियो क्लिप में गैंगस्टर अनिल पंडित ने सलमान खान को खुलेआम धमकी दी है. ऑडियो में उसने दावा किया है कि उसके पास 70,000 शूटर्स की फौज है. उसने चेतावनी दी है कि यदि सलमान खान जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगी, तो एक्टर के करीबियों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
गैंगस्टर अनिल पंडित ने सलमान खान को फिर से दी धमकी. (फोटो: Instagram@beingsalmankhan)
नई दिल्ली. मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना के बाद अब बॉलीवुड पर गैंगस्टरों का साया गहराता दिख रहा है. हाल ही में सामने आए एक नए ऑडियो क्लिप ने फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मचा दिया है. इस ऑडियो में खुद को गैंगस्टर अनिल पंडित बताने वाला शख्स दावा कर रहा है कि उसके पास 70,000 शूटर्स की फौज है. उसने सलमान खान की जिंदगी को नर्क बनाने की धमकी दी है और साथ ही कहा कि अगर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और बिश्नोई समाज से सुपरस्टार ने माफी नहीं मांगी, तो उनके करीबियों को निशाना बनाया जाएगा.
ईटाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, ऑडियो क्लिप में गैंगस्टर अनिल पंडित कहता है, ‘अगर तुम दो को मारोगे, तो हमारे 200 भाई तैयार बैठे हैं. उसने एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में हुई जांच पर भी कई गंभीर सवाल खड़े किए. उसका दावा है कि मुंबई में उसके कई साथी मौजूद हैं और यह जंग आगे भी जारी रहेगी. उसने साफ चेतावनी दी कि अगर सलमान खान, लॉरेंस बिश्नोई और पूरे बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगते हैं तो उनकी जिंदगी को नर्क बना दिया जाएगा.
बॉलीवुड पर लगाया सुशांत सिंह राजपूत की हत्या का आरोप
गैंगस्टर ने बॉलीवुड पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा, ‘जब सुशांत सिंह राजपूत की हत्या हुई थी, तब सब लोग कहां थे? बॉलीवुड के लोगों ने ही उनकी जान ली थी.’ उसने यह भी दावा किया कि जब से लॉरेंस बिश्नोई ने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों के खिलाफ कदम उठाना शुरू किया है, तब से प्रशासन का रवैया पूरी तरह बदल गया. क्लिप में इस लड़ाई को देश के गद्दारों के खिलाफ एक जंग करार दिया गया है. हालांकि, वायरल हो रहे इस ऑडियो क्लिप और इसमें किए गए दावों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.
अनिल पंडित ने सलमान खान को पहले भी दी धमकी
टाइगर श्रॉफ पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग
रविवार शाम करीब 7 बजे मुंबई के जुहू इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाइक सवार तीन हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गनीमत यह रही कि टाइगर इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई हैं. इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोमवार को राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन संदिग्धों को दबोच लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. ये सभी पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे थे और पुलिस के अनुसार, वे दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की फिराक में थे.
बिश्नोई गैंग ने ली टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी
फिलहाल इन तीनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए मुंबई पुलिस को सौंपा जा रहा है. एसपी गौतम ने बताया कि फिलहाल इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है. उधर, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली है. इस मामले में मुंबई पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है. घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से फोन पर बात कर उन्हें पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई का भरोसा दिया है.