रात में निकल आए कंबल, पंखे की स्पीड भी घटी, दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट
Last Updated:
दिल्ली-NCR में मौसम ने करवट ले ली है. 19 अक्टूबर से पहले की रात में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से हल्की ठंड शुरू हो गई है. आईएमडी के अनुसार अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है. ऐसे में हल्की ठंड में बचाव के लिए बच्चों और बुजुर्गों को हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है.
रात में निकल आए कंबल, पंखे की स्पीड भी घटी, दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, आईएमडी ने बताया तापमान.
दिल्ली एनसीआर में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. आज यानि 19 अक्टूबर को नवरात्रि के आखिरी दिन मौसम में ठंडक आ चुकी है. रात में तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. वहीं दिन में भी अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है. ऐसे में वातावरण में ठंडक देखने को मिल रही है. खासतौर पर रात में कंबल ओढ़ने जैसा मौसम आ गया है.वहीं अब लोगों को पंखा फुल स्पीड पर चलाने में भी हल्की ठंड महसूस हो रही है.
भारत मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में साफ और सुखद मौसम रहने की संभावना है. सोमवार 19 अक्टूबर को दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम सहित गाजियाबाद में साफ आसमान के साथ दिन का तापमान अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है. सुबह के समय भी हल्की ठंड का अहसास होने लगा है और लोग ठंडे पानी से नहाने से कतराने लगे हैं. हालांकि दोपहर में धूप तेज रहेगी. आज हवा की गति सामान्य है और नमी मध्यम स्तर पर बनी हुई है, जिससे मौसम आरामदायक बना हुआ है.
20 और 21 अक्टूबर को साफ रहेगा मौसम
मंगलवार और बुधवार को भी मौसम साफ रहने का अनुमान है. इन दिनों अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. आसमान में बादल छाए रहने की कोई संभावना नहीं है और बारिश की संभावना भी कम ही है.
वहीं गुरुवार से शनिवार तक भी यही स्थिति बनी रहेगी. इन दिनों में धूप निकली रहेगी और रातें अपेक्षाकृत ठंडी होंगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि रात का तापमान 18-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. ऐसे में अब लग रहा है कि मौसम में ठंडक आ चुकी है और अब नवरात्रि के समाप्ति के बाद तापमान में लगातार गिरावट देखी जाएगी.
पूरे हफ्ते में नहीं बढ़ेगी गर्मी
रविवार और अगले सोमवार को भी साफ से अधिकतर साफ मौसम की भविष्यवाणी की गई है. तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हवा की गति हल्की से मध्यम बनी रहेगी, जिससे गर्मी का अहसास कुछ कम रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक क्षेत्र में किसी तरह की वर्षा की संभावना नहीं है. यह समय दिल्ली-एनसीआर के लिए शरद ऋतु का आदर्श मौसम माना जा रहा है.
हल्के गर्म कपड़े पहनने का आ गया समय
वैज्ञानिकों का कहना है कि मौसम में हल्की ठंडक आ चुकी है. ऐसे में लोगों को सलाह दी जाती है कि सुबह और शाम के समय हल्के ऊनी कपड़े पहनना बेहतर रहेगा, क्योंकि तापमान में गिरावट महसूस हो सकती है. बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाव का विशेष ध्यान रखना चाहिए. वायु गुणवत्ता सामान्य रहने की उम्मीद है, लेकिन धूल और प्रदूषण से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल फायदेमंद हो सकता है.
कुल मिलाकर दिल्ली-एनसीआर में अगले कई दिनों तक स्थिर और सुखद मौसम बना रहेगा. कोई खराब मौसमी गतिविधि या बारिश की चेतावनी नहीं जारी की गई है. लोग बाहर घूमने-फिरने और रोजमर्रा के काम आसानी से कर सकेंगे.