बिहार की टीम से निकाला एक और वैभव सूर्यवंशी, 86 गेंद में कूट डाले 184 रन
Last Updated:
विनू मांकड़ ट्रॉफी 2026 में बिहार के अनमोल कुमार ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से धूम मचा दी है. अनमोल ने इस प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 86 गेंद में 184 रन कूट डाले. अनमोल के इस बैटिंग को देखकर फैंस उन्हें दूसरा वैभव सूर्यवंशी भी बुलाने लगे हैं.
अनमोल कुमार
नई दिल्ली: हाल ही में पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में 173 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी. दिल्ली की कप्तानी करते हुए आर्यवीर ने अपनी पारी में 143 गेंदों का सामना किया था, जिसमें उन्होंने 19 चौके और 8 छक्के भी लगाए. उसी दिन एक और खिलाड़ी ने आर्यवीर से भी ज्यादा धुआंधार बल्लेबाजी की, लेकिन उसकी चर्चा किसी ने नहीं की.
इस खिलाड़ी का नाम अनमोल कुमार है. बिहार अंडर-19 टीम के अनमोल ने हरियाणा के खिलाफ मैच में महज 86 गेंदों में 184 रन कूट दिए थे. अपनी इस पारी में अनमोल ने 18 छक्के और 11 चौके लगाए. अनमोल की इस दमदार पारी के बदौलत बिहार की टीम ने 46.1 ओवरों में 325 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में हरियाणा की टीम 288 रन ही बना सकी और वीजेडी मेथड से बिहार ने 18 रनों से मुकाबले को अपने नाम किया.
फैंस ने की बीसीसीआई की आलोचना
अनमोल कुमार की इस पारी को देख कुछ फैंस उनकी तुलना वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी से भी कर रहे हैं. इसके साथ ही फैंस के एक वर्ग ने बीसीसीआई के दोहरे रवैये की आलोचना भी की. दरअसल, बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर आर्यवीर सहवाग का एक वीडियो शेयर किया था.
यह वीडियो आर्यवीर की पारी के हाइलाइट्स का था. इस वीडियो के सामने आने के बाद फैंस ने बीसीसीआई को अनमोल कुमार की याद दिलाई. क्योंकि आर्यवीर के साथ वीरेंद्र सहवाग का नाम जुड़ा है और अनमोल कुमार को कोई नहीं जानता है.
राहुल द्रविड़ के बेटे ने भी लगाई थी सेंचुरी
सिर्फ आर्यवीर और अनमोल कुमार ही नहीं, इस टूर्नामेंट में पूर्व क्रिकेटर राहुल द्रविड़ के बेटे ने भी दमदार शतक लगाया. द्रविड़ के बेटे अन्वय ने गुजरात के खिलाफ कर्नाटक के लिए 100 गेंदों में 151 रनों की पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत कर्नाटक ने गुजरात को 5 विकेट से हराया था.