‘दुनिया की ठांय-ठांय’ का ट्रेलर रिलीज, इश्क का देखने को मिला खौफनाक अंजाम, बदले की आग में जलेगा विक्की भैया

‘दुनिया की ठांय-ठांय’ का ट्रेलर रिलीज, इश्क का देखने को मिला खौफनाक अंजाम, बदले की आग में जलेगा विक्की भैया


Last Updated:


प्यार में जब धोखा मिलता है, तो कभी-कभी वही इंसान सबसे बड़ा दुश्मन बन जाता है, जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा होता है. कुछ ऐसी ही कहानी लेकर आ रही है ऋषभ जैसवाल और दीपाली शर्मा की सीरीज ‘दुनिया की ठांय-ठांय’, जिसका ट्रेलर रिलीज हो गया है. प्यार, धोखे और बदले की आग में उलझी इस कहानी में सालों बाद दो पुराने प्रेमी आमने-सामने होंगे, लेकिन इस बार एक अपराध की दुनिया में है, तो दूसरी कानून की वर्दी पहनकर उसे पकड़ने निकली है. यह सीरीज 22 अक्टूबर से एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी.

ख़बरें फटाफट

Zoom

अब बदले की आग में जलेगा ‘प्यार’

नई दिल्ली. प्यार, धोखा और बदले की कहानी लेकर आ रही सीरीज ‘दुनिया की ठांय-ठांय’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. ऋषभ जैसवाल और दीपाली शर्मा स्टारर इस सीरीज में इश्क से शुरू हुई कहानी दुश्मनी और जबरदस्त टकराव तक पहुंचती नजर आएगी. सीरीज 22 अक्टूबर से एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी.

ट्रेलर में विकास कुमार की कहानी दिखाई गई है, जिसका किरदार ऋषभ जैसवाल निभा रहे हैं. विकास एक ऐसा युवा है, जो बड़े सपने देखता है और अपनी जिंदगी में कुछ करना चाहता है. लेकिन हालात उसे धीरे-धीरे विकास से विक्की भैया बना देते हैं. उसकी जिंदगी में वैष्णवी चतुर्वेदी की एंट्री होती है, जिसका किरदार दीपाली शर्मा निभा रही हैं. वैष्णवी एक ताकतवर विधायक की बेटी है. विकास वैष्णवी से प्यार करता है और उसे बचाने के लिए अपनी जिंदगी तक दांव पर लगा देता है. लेकिन कहानी में उस वक्त बड़ा मोड़ आता है, जब वैष्णवी कोर्ट में विकास के खिलाफ गवाही दे देती है. जिस लड़की पर विकास को सबसे ज्यादा भरोसा था, उसी के इस कदम से उसकी दुनिया उजड़ जाती है और उसे जेल जाना पड़ता है.

सालों बाद आमने-सामने होंगे पुराने प्रेमी

कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब सालों बाद विकास और वैष्णवी एक बार फिर आमने-सामने आते हैं. इस बार दोनों की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है. वैष्णवी अब पुलिस अधीक्षक यानी एसपी बन गई है और उसे विक्की भैया को कानून के शिकंजे में लाने की जिम्मेदारी मिलती है.एक तरफ अतीत का दर्द है, तो दूसरी तरफ टूटे भरोसे की टीस. कभी एक-दूसरे से प्यार करने वाले दोनों अब आमने-सामने खड़े हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि क्या विकास अपने पुराने प्यार को भूल पाएगा या फिर वैष्णवी से मिले धोखे का बदला लेकर ही दम लेगा.

ऋषभ जैसवाल के लिए चैलेंजिंग रहा रोल

विकास का किरदार निभाने वाले ऋषभ जैसवाल ने बताया कि उन्हें इस भूमिका में सबसे ज्यादा दिलचस्पी उसके बदलते व्यक्तित्व की वजह से हुई. उनके मुताबिक, शुरुआत में विकास एक ऐसा लड़का है, जिसके पास बड़े सपने हैं, परिवार का साथ है और अपने प्यार पर पूरा भरोसा है. लेकिन जब उसकी जिंदगी की बुनियाद हिल जाती है, तो उसकी उम्मीदें गुस्से और अतीत का हिसाब चुकाने की चाह में बदलने लगती हैं. ऋषभ ने कहा कि इस किरदार के अलग-अलग पहलुओं को पर्दे पर उतारना उनके लिए भावनात्मक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा. उन्हें उम्मीद है कि दर्शक विकास की कमजोरियों, उसके भीतर चलने वाली उथल-पुथल और उसके बदलाव को समझ पाएंगे.

दीपाली शर्मा ने भी बताया अपने किरदार का सफर

वहीं, वैष्णवी का किरदार निभा रहीं दीपाली शर्मा ने बताया कि वैष्णवी की परवरिश रुतबे और ताकत के बीच हुई है, लेकिन उसकी जिंदगी उतनी आसान नहीं है, जितनी बाहर से दिखाई देती है. विकास के साथ उसका रिश्ता उसे ऐसे हालात और भावनात्मक फैसलों के सामने खड़ा कर देता है, जिनसे बचना उसके लिए आसान नहीं है. ‘दुनिया की ठांय-ठांय’ की कहानी शक्तिपुर नाम के एक ऐसे कस्बे पर आधारित है, जहां राजनीति का खासा दबदबा है. सीरीज में प्यार और धोखे के साथ सत्ता, अपराध और बदले की कहानी भी देखने को मिलेगी.इस सीरीज को सुमित चावला ने निर्देशित किया है और इसका निर्माण सचिन पांडे ने किया है. इसकी कहानी नितिन केसवानी ने लिखी है. ऋषभ जैसवाल और दीपाली शर्मा के अलावा रवि साह, अमित सिंह, फरहाना फातिमा, सुशील बोन्थियाल और मुस्कान खान भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.



Source link