Last Updated:
Ramkumar Singh Murder: बिहार के आरा में रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी चंदन सिंह को कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है. 15 अक्टूबर को रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में जमीन विवाद की बात सामने आई है. उनके बेटे ने जमीन पर कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री सचिवालय से की थी.
रामकुमार सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी चंदन सिंह
आरा: रिटायर्ड कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी चंदन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे कोलकाता के दमदम एयरपोर्ट से पकड़ा है. भोजपुर के एसपी अवधेश दीक्षित ने गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आ रही है.
बता दें कि रामकुमार सिंह 67 साल के थे. वो भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के रहने वाले थे. साल 2015 में वह कस्टम विभाग के सीनियर ऑफिसर के पोस्ट से रिटायर हुए थे. 15 अक्टूबर को आरा में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
कैसे हुआ था हमला
रिश्तेदार के मुताबिक रामकुमार सिंह रोज सुबह अपने बेटे राजेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू के साथ रमना मैदान में टहलने जाते थे. घटना वाले दिन भी वह सुबह अपनी कार निकालकर बाहर आए थे. इसी दौरान गैरेज का गेट बंद करते समय तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बताया गया कि उन्हें छह से आठ गोलियां लगी थीं. गोली उनके पेट, सीने और गर्दन के आसपास लगी थी. हमले के समय उनका बेटा कार में बैठा था, जिससे उसकी जान बच गई.
हत्या से पहले जमीन विवाद की शिकायत
इस मामले में जमीन विवाद का पहलू भी सामने आया है. जानकारी के मुताबिक रामकुमार सिंह के बेटे राजेश कुमार सिंह ने करीब डेढ़ महीने पहले मुख्यमंत्री सचिवालय में शिकायत भेजी थी. शिकायत में कुछ लोगों पर जमीन हड़पने और जमीन की चारदीवारी तोड़ने का आरोप लगाया गया था. परिवार ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी.
बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग ने 15 अक्टूबर को भोजपुर के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया था. इसी दिन रामकुमार सिंह की हत्या कर दी गई. इस घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक कार्रवाई में देरी को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
यह ख़बर बिल्कुल अभी आई है और इसे सबसे पहले आप News18Hindi पर पढ़ रहे हैं. जैसे-जैसे जानकारी मिल रही है, हम इसे अपडेट कर रहे हैं. ज्यादा बेहतर एक्सपीरिएंस के लिए आप इस खबर को रीफ्रेश करते रहें, ताकि सभी अपडेट आपको तुरंत मिल सकें. आप हमारे साथ बने रहिए और पाइए हर सही ख़बर, सबसे पहले सिर्फ Hindi.News18.com पर…