अयोध्या: रामनगरी अयोध्या में दुर्गा पूजा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है. 20 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. ऐसे में अगर आप अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं या चार पहिया वाहन से शहर के भीतर सफर करने वाले हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जाम और असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें. दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शहर के कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. फतेहगंज, जीआईसी, चौक, रिकाबगंज, रामपथ, पुलिस लाइन, सिविल लाइंस और गुप्तारघाट सहित कई इलाकों में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है.
फतेहगंज और जीआईसी क्षेत्र में ये रहेगा डायवर्जन
जीआईसी तिराहे से फतेहगंज चौराहे की तरफ वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा. वाहन चालक जीआईसी फ्लाईओवर से मकबरा तिराहा होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. वहीं, मकबरा तिराहे से फतेहगंज चौराहे की तरफ भी प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. इस दिशा में जाने वाले वाहन जीआईसी फ्लाईओवर से पुष्पराज चौराहा होकर निकलेंगे. जीआईसी गेट से प्रतिमाओं की प्रस्थान यात्रा के कारण ऋषि टोला तिराहे से जीआईसी गेट की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
कसाबबाड़ा तिराहे और अनिल सरस्वती मंदिर तिराहे से फतेहगंज और जीआईसी की तरफ भी वाहन नहीं जा सकेंगे. यहां से वाहन अनिल सरस्वती मंदिर के पास से बाएं मुड़कर जनौरा परिक्रमा मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे. मनूचा तिराहे से फतेहगंज चौराहे की ओर चार पहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. ऐसे वाहन देवकाली चौकी के बगल से बेनीगंज रामपथ होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे.
चौक, रिकाबगंज और रामपथ पर भी प्रतिबंध
शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में भी यातायात व्यवस्था बदली गई है. रीडगंज और गुदड़ी चौराहे से चौक घंटाघर की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. नियावां चौराहे से रिकाबगंज चौराहे की तरफ वाहन नहीं जा सकेंगे. इस मार्ग के वाहन गुदड़ी चौराहा और रामपथ होकर निकलेंगे. रिकाबगंज चौराहे से चौक घंटाघर की तरफ भी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा.
वहीं, रिकाबगंज से कसाबबाड़ा और फतेहगंज चौराहे की ओर भी आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. हालांकि, एंबुलेंस, मरीजों को ले जाने वाले वाहनों और महिला अस्पताल जाने वाले वाहनों को छूट दी गई है. पुलिस लाइन और सिविल लाइंस क्षेत्र में बदले रास्ते पुलिस लाइन तिराहे और पोस्ट ऑफिस चौराहे से रामपथ की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा.
रामपथ पर जाने वाले वाहनों पर भी प्रतिबंध
पुष्पराज चौराहे से पोस्ट ऑफिस चौराहे और पुलिस लाइन तिराहे की तरफ रामपथ पर जाने वाले वाहनों को भी प्रतिबंध का सामना करना पड़ेगा. ऐसे वाहन रेलवे स्टेशन मार्ग से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. तहसील तिराहे से रोडवेज की ओर रामपथ पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. प्रेस क्लब, दूरदर्शन और आयुक्त आवास तिराहे से भी रामपथ पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. एसएसपी आवास चौराहे से आयुक्त आवास तिराहे की ओर रामपथ पर वाहन नहीं जा सकेंगे. इस क्षेत्र के वाहन तहसील तिराहा और रेलवे स्टेशन मार्ग का इस्तेमाल करेंगे. डीएम चौराहे से टीवी टावर तिराहे की ओर भी सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा. वाहन चालक परिक्रमा मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे.
गुप्तारघाट और विसर्जन स्थल के आसपास विशेष व्यवस्था
दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के मद्देनजर गुप्तारघाट क्षेत्र में भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे. सहादतगंज हनुमानगढ़ी चौराहे से गुप्तारघाट की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. सहादतगंज बूथ नंबर एक से सहादतगंज हनुमानगढ़ी चौराहे की ओर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. इस मार्ग के वाहन एनएच-27 से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. निर्मली कुंड, गुप्तारघाट को विसर्जन स्थल बनाए जाने के कारण चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग स्थित गुप्तारघाट चौराहे से निर्मली कुंड की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा.
रोडवेज बसों का संचालन
सहादतगंज बूथ नंबर एक से यातायात व्यवस्था के तहत समस्त रोडवेज बसों का संचालन सहादतगंज बूथ नंबर एक से किया जाएगा. यात्रियों को बस पकड़ने से पहले निर्धारित संचालन स्थल और अपने मार्ग की जानकारी कर लेने की सलाह दी गई है. यातायात पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस, मरीजों को लेकर जाने वाले वाहनों और महिला अस्पताल जाने वाले आपातकालीन वाहनों पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा. इन वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा.