‘अन्यायी कितना भी शक्तिशाली हो, अंत में जीत धर्म की होगी’, महानवमी-विजयादशमी पर सीएम योगी की पाती ने दिया बड़ा संदेश

‘अन्यायी कितना भी शक्तिशाली हो, अंत में जीत धर्म की होगी’, महानवमी-विजयादशमी पर सीएम योगी की पाती ने दिया बड़ा संदेश


Last Updated:

CM Yogi On Mafia Crackdown in UP: शारदीय नवरात्र और विजयादशमी के पावन अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता के नाम एक पाती लिखी है. इसमें उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, नारी सम्मान और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया है. सीएम ने कहा कि अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत माफियाओं से मुक्त कराई गई जमीनों पर गरीबों के आवास बनाए जा रहे हैं. प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र को ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा. उन्होंने विजयादशमी पर अहंकार और अन्याय रूपी रावण का दहन करने का संकल्प लेने की अपील की है.

Zoom

सीएम योगी का विजयदशमी के लिए भावुक संदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयादशमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय हमेशा सत्य और धर्म की ही होती है. उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का अलौकिक पराक्रम और मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ प्रतिकार करने, नारी का सम्मान करने और अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करने की गहरी प्रेरणा देता है. मुख्यमंत्री ने अपनी इस विशेष पाती में प्रभु श्रीराम के आदर्शों, मातृभूमि के प्रति प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया है.

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीराम को समरसता और सामाजिक एकात्मता का जीवंत प्रतीक बताया है. उन्होंने कहा कि रामलीलाओं का मंचन ऐसा अवसर होता है, जिसमें बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्ग के लोग एक साथ शामिल होते हैं. सीएम योगी ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रभु श्रीराम के आदर्श केवल भारत की सीमाओं तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के अनेक देशों की सांस्कृतिक परंपराओं और जीवन मूल्यों में भी गहराई से शामिल हैं. भगवान राम का चरित्र संपूर्ण मानवता के लिए अनुकरणीय है, जो पूरी दुनिया को जोड़ने का काम करता है.

माफिया मुक्त जमीन पर गरीबों के आवास और कसारी-मसारी का नया नाम

अपनी पाती में कानून के शासन का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून का राज स्थापित करना उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है. इसी नीति के तहत माफिया और संगठित अपराध के विरुद्ध कठोर कार्रवाई कर राज्य में भयमुक्त वातावरण बनाया गया है. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि माफिया के अवैध कब्जे से मुक्त कराई गई जमीनों पर अब गरीबों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं. इसी कड़ी में प्रयागराज के बहुचर्चित कसारी-मसारी क्षेत्र का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने बड़ा ऐलान किया है कि मुक्त कराई गई इस भूमि को अब ‘श्रीकृष्णपुरी’ के रूप में विकसित किया जाएगा.

जीरो टॉलरेंस की नीति और अहंकार रूपी रावण दहन का संकल्प

सीएम योगी ने दो टूक शब्दों में कहा कि अपराधियों के प्रति सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति रही है, जिससे आम जनता के मन में कानून के प्रति अटूट विश्वास मजबूत हुआ है. उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील करते हुए कहा कि विजयादशमी के इस पवित्र पर्व पर हम सभी को अपने भीतर के अहंकार, अन्याय, सामाजिक भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण का दहन करने का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए, तभी एक सशक्त और समरस समाज की स्थापना हो सकेगी.



Source link