5 गेंद में शुभमन की बत्ती गुल, गुमनाम गेंदबाज ने बैट-पैड के बीच से उड़ाया डंडा
Last Updated:
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल न्यूजीलैंड दौरे पर जाने से पहले से पंजाब के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलने मैदान पर उतरे, लेकिन वह बुरी तरह फेल हो गए. शुभमन गिल छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. गिल को छत्तीसगढ़ के स्पिन गेंदबाज अजय मंडल ने अपनी बेहतरीन फिरकी पर छकाते हुए बोल्ड किया.
शुभमन गिल सिर्फ 1 रन बनाकर हुए आउट
नई दिल्ली: न्यूजीलैंड दौरे पर रवाना होने से पहले भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल रणजी ट्रॉफी में खेलने मैदान पर उतरे. पंजाब की तरफ से शुभमन गिल को छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले के लिए टीम में शामिल किया गया, लेकिन वह पहली पारी में बुरी तरह से फेल रहे. चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे गिल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान उन्होंने कुल 5 गेंदों का सामना किया.
शुभमन गिल को छत्तीसगढ़ के स्पिनर अजय मंडल ने बोल्ड किया. अजय के खिलाफ गिल बिल्कुल भी सहज नहीं दिख रहे थे. अजय की घूमती हुई गेंद पर गिल पूरी तरह से चूक गए और उनका डंडा उखड़ गया. इस तरह रणजी ट्रॉफी के इस सत्र में गिल के लिए अच्छी शुरुआत नहीं हुई.
पंजाब के कप्तान उदय सहारन ने टॉस जीतकर चुनी थी बैटिंग
छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में पंजाब के कप्तान उदय सहारन ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. बल्लेबाजी में टीम के लिए विहान मल्होत्रा और हरनूर सिंह ने सधी हुई शुरुआत की. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 55 रनों का पार्टनरशिप हुई, लेकिन इसके बाद हरनूर धर्मेंद्र सिंह जडेजा की गेंद पर एलबीडबल्यू हो गए. हरनूर 77 गेंद में 40 रन बनाकर आउट हुए. हरनूर के बाद विहान भी कुछ खास नहीं कर सके. विहान 65 रन के स्कोर पर अजय मंडल के खिलाफ एलबीडबल्यू हुए.
लगातार दो विकेट के बाद छत्तीसगढ़ की टीम मैच में दमदार वापसी की. इसके बाद शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन बैक टू बैक दो विकेट गिरने के दबाव को वह नहीं संभाल पाए और अजय मंडल के खिलाफ बोल्ड हो गए. इस तरह पंजाब ने सिर्फ 18 रन के भीतर अपने टॉप के तीन विकेट गंवा दिए. हालांकि, इसके बाद फिर कप्तान उदय सहारन और प्रभसिमरन ने मिलकर पारी को संभाला और लंच ब्रेक तक कोई विकेट नहीं गिरने दिया.