Investment Tips : कितने दिन में 2, 3 या 4 गुना हो जाएगा पैसा, उंगलियों पर याद रखें यह फॉर्मूला

Investment Tips : कितने दिन में 2, 3 या 4 गुना हो जाएगा पैसा, उंगलियों पर याद रखें यह फॉर्मूला


Last Updated:

Investment Tips : अगर आप भी निवेश करते हैं तो आपके मन में भी यह सवाल उठता रहता होगा कि कितने दिन में आपका पैसा दोगुना, तीन गुना या चार गुना हो जाएगा. इसका जवाब पाना आसान नहीं होता है और इसी बात का फायदा उठाकर ब्रोकर निवेशकों को अपने जाल में फंसा लेते हैं. लेकिन, आपको तीन ऐसे सरल फॉर्मूले बता रहे हैं कि आपको पलक झपकते ही पता चल जाएगा कि आपका पैसा कितने दिनों में 2, 3 या 4 गुना हो जाएगा.

Zoom

पैसों पर मिलने वाले रिटर्न के आधार पर उसके दोगुना या तीन गुना होने का पता चलता है.

नई दिल्ली. हर निवेशक की एक ही ख्वाहिश होती है कि उसका पैदा दिन दूना और रात चौगुना बढ़ता जाए. निवेश करते ही एक ही सवाल मन में घूमना शुरू हो जाता है कि आखिर मेरा पैसा दोगुना कब होगा. हर निवेश विकल्प में पैसों के दोगुना होने की अवधि भी अलग-अलग होती है. हालांकि, निवेश से जुड़े तमाम ऐसे फॉर्मूले हैं जो आपके इन सवालों का जवाब चुटकियों में दे सकते हैं. इसी तरह एक फॉर्मूला होता है रूल 114, जो बताता है कि किसी विकल्प में निवेश किया गया पैसा कितने दिन में तीन गुना हो जाएगा.

आप जब भी म्यूचुअल फंड या एफडी-आरडी में निवेश करने जाते हैं तो ब्रोकरेज झांसा देते हैं कि आपका पैसा इतने दिनों में दोगुना या तीन गुना हो जाएगा. अगर एक निवेशक के तौर पर आप इस बात की तस्दीक करना चाहते हैं तो रूल 114 अप्लाई करें. यह फाइनेंशियल इंस्ट्रूमेंट आपको चुटकियों में बता देगा कि एफडी, आरडी, म्यूचुअल फंड या अन्य किसी विकल्प में लगाया पैसा कितने दिनों में तीन गुना या चार गुना हो जाएगा.

कैसे पता करें कि कब डबल होगा पैसा
एक निवेशक के तौर पर अगर आप यह पता करना चाहते हैं कि आपका पैसा कितने दिनों में डबल हो जाएगा तो रूल 72 लागू करें. रूल 72 आपको पलक झपकते बता देगा कि कितने दिनों में आपका पैसा डबल हो जाएगा. मान लीजिए कि आपने जिस फंड में पैसा लगाया है, उस पर 12 फीसदी का सालाना रिटर्न मिल रहा है तो इस रिटर्न से 72 को भाग देने पर जो संख्या आएगी, उतने साल में पैसा डबल जाएगा. इसका मतलब है कि 12 फीसदी रिटर्न पर आपका पैसा 6 साल में ही डबल हो जाएगा.

तीन गुना पैसा होने में कितने दिन लगेंगे
अब आपको बताते हैं कि पैसा कितने दिनों में तीन गुना हो जाएगा. इसके लिए रूल 114 को लागू किया जाना चाहिए. मान लीजिए कि किसी निवेश में आपको हर साल 6 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है तो इस संख्या से 114 को भाग करने से पता चल जाएगा कि कितने साल में पैसा तीन गुना हो जाएगा. 114 को 6 फीसदी से भाग देने पर 19 आएगा, जिसका मतलब है कि 6 फीसदी रिटर्न के आधार पर आपको पैसे तीन गुना करने में 19 साल लग जाएंगे. इसी तरह, अगर आपको 12 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है तो 9.5 साल में पैसा तीन गुना हो जाएगा.

कितने दिन में 4 गुना होगा पैसा
अगर आपको यह पता करना है कि कितने दिनों में आपका निवेश 4 गुना हो जाएगा तो इसके लिए रूल 144 अप्लाई करना चाहिए. मान लीजिए कि आपको किसी निवेश पर 12 फीसदी का रिटर्न मिलता है तो आपको इस अंक से 144 को भाग देना चाहिए. इस पर जो संख्या सामने आएगी, वही आपके पैसों को 4 गुना करने की अवधि होगी. इस लिहाज से 144 को 12 से भाग करने पर 12 आएगा. इसका मतलब है कि आपका पैसा 12 साल में 4 गुना हो जाएगा.



Source link