Last Updated:
How to make amla pickle at home : सर्दियों की आहट के साथ बाजार में आंवले की दस्तक हो चुकी है. इस मौसम में महिलाएं अक्सर इसका अचार बनाकर पूरे साल चलाती हैं, लेकिन कई बार हम वैसा स्वाद नहीं पाते, जो बाजार वाले अचार में मिलता है. अब ऐसा नहीं होगा. अगर आप भी बाजार जैसा आंवले का अचार बनाना चाहती हैं, तो इस रेसिपी को नोट कर लीजिए. लोकल 18 से गोंडा की गृहणी संजू मिश्रा बताती हैं कि आंवले का अचार बनाने के लिए ताजे आंवले, सरसों का तेल, सौंफ, जीरा, मेथी दाना, अजवाइन, मंगरैल, हल्दी, नमक और काली मिर्च की जरूरत होती है.
गोंडा. आंवले का अचार स्वाद में खट्टा, चटपटा और बेहद स्वादिष्ट होता है. इसे रोटी, पराठे और दाल-चावल के साथ खाया जा सकता है. अगर आप भी घर पर बाजार जैसे स्वादिष्ट आंवले का अचार बनाना चाहते हैं, तो बिल्कुल सही जगह आए हैं. गोंडा की संजू मिश्रा ने इसकी आसान विधि बताई है. इसे बनाने के लिए कुछ खास मसालों और सरसों के तेल की जरूरत होती है. लोकल 18 से गृहणी संजू मिश्रा बताती हैं कि आंवले का अचार बनाने के लिए ताजे आंवले, सरसों का तेल, सौंफ, जीरा, मेथी दाना, अजवाइन, मंगरैल, हल्दी, नमक और काली मिर्च की जरूरत होती है. इन मसालों को सही मात्रा में मिलाने से अचार का स्वाद अच्छा बनता है. संजू बताती हैं कि सबसे पहले बाजार से अच्छी गुणवत्ता वाले ताजे आंवले खरीद लें. इन्हें साफ पानी से अच्छी तरह धो लें. इसके बाद आंवलों को 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं. जब आंवले ठंडे हो जाएं, तो उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
कितना नमक, कितना तेल
संजू मिश्रा बताती हैं कि सबसे पहले एक बर्तन में आंवले के टुकड़े डालें. अगर आप 4 किलो आंवले का अचार बना रहे हैं, तो उसमें 200 ग्राम सौंफ, 100 ग्राम जीरा, 40 ग्राम मेथी दाना, 10 ग्राम अजवाइन, आधा चम्मच मंगरैल और 100 ग्राम हल्दी मिलाएं. इसके बाद स्वाद के अनुसार 200 से 250 ग्राम नमक, दो चम्मच काला नमक या सेंधा नमक और साबुत काली मिर्च डाल दें. सभी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें. संजू मिश्रा के अनुसार, 4 किलो आंवले का अचार बनाने के लिए करीब 1 किलो सरसों का तेल लें. तेल को पहले गर्म कर लें और फिर पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद ठंडा तेल आंवले और मसालों के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला दें. इस तरह आंवले का अचार तैयार हो जाएगा.
ऐसे रहेगा सुरक्षित
संजू बताती हैं कि इस विधि से घर पर आसानी से स्वादिष्ट आंवले का अचार बनाया जा सकता है. इसे रोटी, पराठे और दाल-चावल के साथ खाया जा सकता है. आंवले में विटामिन सी समेत कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसलिए इसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है. अचार को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए साफ और पूरी तरह सूखे बर्तन का इस्तेमाल करें. अचार में नमी जाने से बचाएं और उसे साफ, सूखे चम्मच से ही निकालें.