Last Updated:
राजस्थान के अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गरवाजी तीर्थ स्थल से एक बेहद खौफनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां धार्मिक प्रवृत्ति के सूबेसिंह गुर्जर का कटे-फटे हालात में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. परिजनों ने आशंका जताई है कि जंगल में किसी खूंखार टाइगर या पैंथर ने उन्हें अपना शिकार बना लिया है. घटना की भनक लगते ही पुलिस और वन विभाग का अमला तुरंत हरकत में आ गया है. अभी तक ये साफ नहीं हो पाया है कि सूबेसिंह की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है.
अलवर. राजस्थान के अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में स्थित गरवाजी तीर्थ स्थल पर सूबेसिंह गुर्जर का कटे-फटे हालात में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक धवाला गांव का रहने वाला था और धार्मिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है. परिजनों ने आशंका जताई है कि टाइगर या पैंथर ने उस पर हमला किया होगा. हालांकि, मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हुई है.
जानकारी के अनुसार, सूबेसिंह गुर्जर घर से गरवाजी तीर्थ स्थल पर दर्शन करने की बात कहकर निकले थे. इसके बाद तीर्थ स्थल पर उनका शव कटे-फटे हालत में मिला. शव मिलने की खबर फैलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
आधा शरीर जानवरों ने नोच खाया: सरपंच
अकबरपुर के सरपंच महेश पटेल ने बताया है कि उन्हें सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से इस घटना का पता चला था. इस पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. बताया कि मृतक को जानवर खींच कर ले गए और वहां उसे खाया था. हालांकि कहा ये जा रहा है कि उसे खाया गया है या नहीं इसकी पुष्टि रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.
लेकिन सरपंच महेश पटेल का कहना है कि उन्हें देखने से पता चल रहा है कि आधा शरीर जानकार ने खाया है. साथ ही सरपंच ने बताया कि इस मामले के बाद सुरक्षा का मुद्दा भी अहम हो गया. मरने वाला व्यक्ति धार्मिक था और तीर्थ स्थलों में आता जाता रहता था. दर्शन के लिए ही वो यहां पहुंचा था, लेकिन यहां उसके साथ ये घटना हो गई.
वन विभाग और पुलिस जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम और अकबरपुर थाना पुलिस सामान्य अस्पताल पहुंची. फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है. सरपंच महेश पटेल ने भी घटना की जानकारी दी. मृतक पर किसी वन्यजीव ने हमला किया था या उसकी मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा.