Last Updated:
Ajmer Khailand Market Auto Repairing Denting Painting Details: अजमेर का खाईलैंड मार्केट दिवाली पर पुरानी गाड़ियों को नया लुक देने के लिए एक प्रमुख केंद्र है. रेलवे स्टेशन से महज 1 किमी दूर यह बाजार टू व्हीलर और फोर व्हीलर की डेंटिंग-पेंटिंग, स्क्रैच रिमूवल, बॉडी रिपेयर और स्पेयर पार्ट्स के लिए प्रसिद्ध है. यह बाजार एक बड़ा होलसेल हब भी है जहां आसपास के गांवों व कस्बों के दुकानदार और वाहन मालिक गाड़ियों का सामान खरीदने आते हैं.
Ajmer: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही लोग अपने घरों की साफ-सफाई और सजावट में जुट जाते हैं. कई लोग इस खास मौके पर अपने पुराने वाहनों को भी नया लुक देना काफी पसंद करते हैं. अगर आपकी भी बाइक या कार पर स्क्रैच आ गए हैं, पेंट खराब हो गया है या गाड़ी की मरम्मत करवानी है तो अजमेर का प्रसिद्ध खाईलैंड मार्केट आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है. यह बाजार टू व्हीलर और फोर व्हीलर गाड़ियों की डेंटिंग-पेंटिंग, बॉडी रिपेयर, पॉलिश और स्पेयर पार्ट्स के लिए दूर-दूर तक जाना जाता है.
स्थानीय दुकानदार दानिश बताते हैं कि यहां बाइक, स्कूटर और कार सहित कई तरह के वाहनों की मरम्मत का काम बेहद कुशलता से किया जाता है. गाड़ियों पर आए छोटे स्क्रैच हटाने से लेकर पूरी तरह खराब हो चुके पेंट को ठीक करने तक की सभी सुविधाएं यहां आसानी से उपलब्ध हैं. इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त या पुरानी गाड़ियों की बॉडी रिपेयर और डेंटिंग-पेंटिंग का काम भी बहुत ही किफायती दामों में किया जाता है.
ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स का प्रमुख होलसेल बाजार
डेंटिंग-पेंटिंग के अलावा यह मार्केट गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स और अन्य जरूरी एसेसरीज के लिए भी जाना जाता है. यहां टू व्हीलर से लेकर फोर व्हीलर तक के कई तरह के आइटम्स उचित दाम पर मिलते हैं. वाहन मालिक अपनी जरूरत के अनुसार सामान खरीद सकते हैं. यह बाजार एक प्रसिद्ध होलसेल मार्केट के रूप में भी अपनी मजबूत पहचान रखता है. अजमेर शहर के कई छोटे दुकानदार और आसपास के गांवों व कस्बों के विक्रेता यहां से गाड़ियों का सामान खरीदकर ले जाते हैं.
रेलवे स्टेशन के पास होने से पहुंचना बेहद आसान
यह प्रसिद्ध खाईलैंड मार्केट अजमेर रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. रेलवे स्टेशन के इतने पास होने की वजह से शहर के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले ग्राहकों के लिए भी यहां पहुंचना काफी आसान रहता है. आसपास के गांवों और कस्बों से रोजाना सैकड़ों लोग अपनी गाड़ियों की मरम्मत कराने और जरूरी ऑटोमोबाइल पार्ट्स खरीदने के लिए यहां आते हैं.